गुरुग्राम: दबंगों के जुल्म से परेशान कैब ड्राइवर ने पहले वीडियो बनाया, फिर लगाई फांसी

 

-जमीन विवाद में दो लोगों का वीडियो में लिया है नाम

गुरुग्राम, 03 जून (हि.स.)। गुरुग्राम में जमीन विवाद से परेशान एक कैब ड्राइवर ने बुधवार की अलसुबह फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले उसने एक वीडियो बनाया जिसमें उसने दो लोगों पर उसे आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया।

जिला के गांव घामड़ोज निवासी जयकरण (42) कैब चलाता था। पिछले कुछ समय से जमीन विवाद को लेकर मानसिक तनाव में था। बुधवार की सुबह जब जयकरण काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आया तो पत्नी उसे उठाने गई। दरवाजा अंदर से बंद था। खिडक़ी से झांककर देखा तो जयकरण चुन्नी के फंदे पर लटका था। पत्नी चिल्लाई और बाकी परिजन भी वहां पहुंचे। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा तोडक़र शव को नीचे उतारा गया और पोस्टमॉर्टम के लिए सोहना के नागरिक अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस जांच में मृतक के मोबाइल से एक वीडियो बरामद हुआ है।

वीडियो में जयकरण ने कहा कि गांव घामड़ोज निवासी शेरू और अलीपुर निवासी चरण सिंह उर्फ चन्नी उसकी तीन कनाल जमीन हड़पना चाहते हैं। उसने आरोप लगाया कि दोनों उस पर फर्जी एग्रीमेंट कर जमीन उनके नाम करने का दबाव बना रहे थे। आत्महत्या करने से पहले कैब ड्राइवर जयकरण ने वीडियो बनाकर कहा कि-मेरी जमीन से जुड़े दस्तावेजों पर फर्जी हस्ताक्षर कराए गए। विरोध करने पर उसे लगातार धमकियां मिल रही थीं। मैं काफी दिनों से परेशान हूं। सोमवार को भी कुछ लोगों ने धमकाया था। अब मैं जीना नहीं चाहता। यह कहते हुए कैब चालक जयकरण ने बुधवार को फांसी लगाकर जान दे दी।

जयकरण के भाई ने लगाया फर्जी दस्तावेज का आरोप

कैब चालक जयकरण के भाई परमवीर ने बताया कि परिवार के पास कुल तीन कनाल जमीन है। जयकरण को पैसों की जरूरत थी तो उसने आरोपियों को 17 मरला जमीन बेचने के लिए चार लाख रुपये लिए थे। आरोप है कि आरोपी लंबे समय से रजिस्ट्री नहीं करवा रहे थे और न ही बकाया भुगतान कर रहे थे। जब पैसे मांगे गए तो आरोपियों ने 17 मरले की जगह पूरी जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर लिए। परमवीर ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने पुलिस को शिकायत और ऑनलाइन एफआईआर भी दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों के बयान, सुसाइड वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर