गुरुग्राम: ऐतिहासिक बजट से हरियाणा बनेगा औद्योगिक क्रांति का अग्रदूत : राव नरबीर सिंह
मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम सहित प्रदेश के समग्र विकास के लिए की अनेक घोषणाएं
गुरुग्राम, 02 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा वित्त मंत्री के रूप में हरियाणा विधानसभा में प्रस्तुत वर्ष 2026-27 के दूसरे बजट को ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल एक वित्तीय दस्तावेज नहीं, बल्कि राज्य को औद्योगिक प्रगति की नई दिशा देने वाला दूरदर्शी रोडमैप है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में हरियाणा की भूमिका को और सशक्त करेगा।
उद्योग मंत्री ने सोमवार को कहा कि कोई भी राष्ट्र केवल कृषि के आधार पर विकसित नहीं बन सकता। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में हजारों हेक्टेयर के एक साथ कृषि फार्म होने के बावजूद उन राष्ट्रों ने औद्योगिक विकास को आधार बनाकर स्वयं को विकसित देशों की श्रेणी में स्थापित किया। उन्होंने विश्वास जताया कि कृषि प्रधान हरियाणा वर्ष 2047 के विकसित भारत में औद्योगिक क्रांति का अग्रदूत बनेगा और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में इसकी प्रमुख धुरी रहेगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने उद्योग विभाग के बजट में 46.93 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि करते हुए 1950.92 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की है, जो औद्योगिक आधारभूत ढांचे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण सिद्ध होगी। पिछले वर्ष 10 नए आईएमटी स्थापित करने की घोषणा की गई थी, जिनमें से अंबाला और नारायणगढ़ में भूमि खरीद की प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है, जबकि तोशाम, जींद, रेवाड़ी और राई में आईएमटी के लिए ई-भूमि पर प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि बजट में औद्योगिक प्लॉट के लिए लैंड ऑन लीज नीति लागू करने की घोषणा अत्यंत महत्वपूर्ण है। हरियाणा की औद्योगिक विकास गाथा के प्रमुख केंद्र गुरुग्राम, फरीदाबाद, मानेसर और रेवाड़ी—में निवेशकों की सुविधा के लिए कॉमन इंडस्ट्रियल सेक्रेटेरिएट्स, एडवांस रूलिंग पोर्टल, एमएसएमई के लिए कॉमन फैसिलिटी सेंटर, एमएसएमई ग्लोबल इंडस्ट्री मैचमेकिंग प्रोग्राम तथा रिवर्स बायर-सेलर मीट जैसे कदम स्वागतयोग्य हैं, जो उद्योगों को नई गति प्रदान करेंगे। साथ ही मानेसर में नया वेडिंग जोन, एसपीआर पर आठ लेन एलिवेटेड कॉरिडोर, ग्रेटर सदर्न पेरिफेरल रोड, वेस्ट टू एनर्जी प्लांट, नई ईएसआई डिस्पेंसरी, नए सीएचसी, मानेसर में ईएसआई अस्पताल को अपग्रेड करने, फरुखनगर बाइपास का निर्माण आदि योजनाओं से गुरुग्राम शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर