गुरुग्राम: बीएसएफ डीआईजी के बेटे की 11वीं मंजिल से गिरने से मौत

 

गुरुग्राम, 04 नवंबर (हि.स.)। सेक्टर-85 की द लीफ सोसाइटी में बीएसएफ के डीआईजी के 28 वर्षीय बेटे की 11वीं मंजिल से गिरने से मौत हो गई। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बुधवार को बताया कि घटना की सूचना मिलते ही खेडक़ी दौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची व जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) में डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (डीआईजी) के पद पर तैनात सत्यवान वर्तमान में ओडिशा के कोरापुट में तैनात हैं। उनके 28 वर्षीय बेटे असीम सेक्टर-85 की द लीफ सोसाइटी में रहते थे। बुधवार दोपहर करीब 2 बजे टावर नंबर-8 के 11वीं मंजिल स्थित फ्लैट नंबर 10-बी की बालकनी से गिरने के बाद असीम गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज आवाज सुनकर नीचे मौजूद सुरक्षाकर्मी और निवासी मौके पर पहुंचे, जहां युवक गंभीर हालत में पड़ा मिला। अचानक हुई इस घटना से सोसाइटी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने असीम को आरवी हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है। खेडक़ी दौला थाना पुलिस ने घटनास्थल और संबंधित फ्लैट को सील कर दिया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल युवक की मौत के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। यह हादसा है या आत्महत्या या फिर कोई और वजह है, इस पर पुलिस कुछ भी कहने से बच रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। परिवार के सदस्यों और सोसाइटी के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही डीआईजी सत्यवान ओडिशा से गुरुग्राम के लिए रवाना हो गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर