गुरुग्राम: बार्टर डील के नाम पर हड़पा विला, कंपनी निदेशक समेत दो गिरफ्तार

 


-विला लेने के बाद प्रोजेक्ट में यूनिट देने का दिया था झांसा

गुरुग्राम, 18 अप्रैल (हि.स.)। रियल एस्टेट प्रोजेक्ट में बार्टर डील (अदला-बदली का व्यापार) के नाम पर विला हड़पने के मामले में कंपनी निदेशक सहित दो आरोपियों को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने शिकायतकर्ता का मकान अपने नाम करवाने के बदले प्रोजेक्ट में यूनिट देने का वायदा किया था, लेकिन यूनिट नहीं दी। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के अनुसार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति ने चार जून 2026 को पुलिस में शिकायत दी थी कि केएस प्रॉपमार्ट लिमिटेड कंपनी के निदेशक देवेंद्र पांडे ने अपने पार्क स्ट्रीट प्रोजेक्ट में उसके साथ बार्टर डील (अदला-बदली का व्यापार)की थी। इस डील में उसके विला की एवज में प्रोजेक्ट में यूनिट देना तय हुआ था। शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि उसने प्रोजेक्ट में दो कमर्शियल यूनिट भी बिकवाई थी, लेकिन उसे इसका रिटर्न तक नहीं दिया गया। उसे कुछ देने की बजाय उसका विला ही हड़प लिया गया। बार्टर डील के मुताबिक प्रोजेक्ट में यूनिट नहीं दी गई। उसकी शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज करके मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा-2 को सौंपी। जांच के बाद अपराध शाखा ने सेक्टर-109 गुरुग्राम से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जिनकी पहचान सेक्टर-109 निवासी देवेंद्र पांडे (60) व नवीन कुमार (38) के रूप में हुई है।

पूछताछ में पता चला है कि देवेंद्र पांडे कंपनी का डायरेक्टर है। उसने अपने अन्य साथी नवीन कुमार के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से शिकायतकर्ता को बार्टर डील के नाम पर गुमराह किया। उसकी संपत्ति अपने नाम करवा ली तथा बदले में प्रोजेक्ट में यूनिट देने का झांसा दिया। आरोपी नवीन इस डील में ब्रोकर के रूप में काम कर रहा था। आरोपी नवीन को इस डील से आरोपी देवेंद्र से आठ लाख रुपए मिले थे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर