गुरुग्राम-रेवाड़ी रोड पर खड़ी बोलेरो से मिला चालक का शव

 

- कई दिनों से सड़क किनारे खड़ी थी गाड़ीराहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस

गुरुग्राम, 19 मई (हि.स.)। रेवाड़ी रोड पर सड़क किनारे कई दिनों से खड़ी एक बोलेरो गाड़ी से मंगलवार को एक व्यक्ति का शव मिला है। राहगीरों को जब गाड़ी संदिग्ध हालत में दिखाई दी तो उन्होंने पास जाकर अंदर झांका। गाड़ी की सीट पर एक व्यक्ति बेसुध पड़ा हुआ दिखाई दिया। इसके बाद लोगों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही सेक्टर-93 चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और गाड़ी का दरवाजा खोलकर अंदर से शव बरामद किया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

शुरुआती जांच में मृतक की पहचान जींद जिले के नरवाना निवासी संजय के रूप में हुई है। संजय एक निजी कंपनी में ड्राइवर का काम करता था। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी है।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि संजय गाड़ी के अंदर सो गया होगा और वाहन का वेंटिलेशन बंद होने के कारण दम घुटने से उसकी मौत हो गई। मृतक के शरीर पर किसी प्रकार की चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार का कहना है कि पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। सेक्टर-93 चौकी पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर