गुरुग्राम: सेवा दिवस पर हर विधानसभा में जलाए जाएंगे 30 हजार आशीर्वाद के दीये: डॉ. अर्चना गुप्ता

 


-सेवा संकल्प अभियान में हरियाणा को कैटरैक्ट मुक्त हरियाणा बनाने का संकल्प

-वीरों की गाथा और सैनिकों के सम्मान से जुडेगा अभियान

गुरुग्राम, 12 सितंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन, त्याग, बलिदान और बेदाग जीवन के 25 साल के सेवा संकल्प अभियान को प्रदेश सरकार और भाजपा आमजन के साथ समन्वय करते हुए सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक संस्थानों के साथ मिलकर प्रत्येक हरियाणवीं की भागीदारी सुनिश्चित करेगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शनिवार को पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बात कर रही थी।

उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से प्रारंभ अभियान को सेवा दिवस के तौर पर मनाते हुए प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा में 30 हजार आशीर्वाद के दीये जलाने से आगाज होगा, जो एक दर्जन कार्यक्रमों की श्रृंखला के तौर पर 17 अक्टूबर तक चलेगा। सेवा संकल्प अभियान भाजपा कार्यकर्ताओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समाज के हर वर्ग और प्रत्येक हरियाणवीं की भागीदारी से इसे जनाभियान बनाया जाएगा। उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि विभिन्न संगठनों एवं प्रतिष्ठित नागरिकों द्वारा स्वयं इस अभियान से जुड़े कार्यक्रम करने को लेकर उनसे संवाद किया गया है, जो दर्शाता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आमजन में कितना विश्वास है। उन्होंने कहा कि, एक ओर जहां आमजन, विभिन्न योजना के लाभार्थी अपने घर पर दीया जलाएंगे, वहीं दूसरी तरफ प्रदेश के ऐतिहासिक स्थलों पर बडे कार्यक्रमों का आयोजन होगा। कुरुक्षेत्र में ब्रह्मसरोवर पर एक लाख दीये, पानीपत के देवी मंदिर में 50 हजार दीये के साथ-साथ गुरुग्राम में प्राचीन माता शीतला माता मंदिर पंचकूला में माता मनसा देवी मंदिर, जींद में रानी तालाब समेत कई स्थानों पर आयोजन प्रस्तावित हैं। 17 सितंबर को कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की उपस्थिति में रक्तदान शिविर का आगाज होगा, जो प्रतिदिन एक जिला में बडे रक्तदान शिविर के तौर पर आयोजित किया जाएगा, इनमें रक्तदाता, विशेषकर युवा वर्ग बडी संख्या में अपनी भागीदारी करेगा। अभियान के दौरान पूरे प्रदेश में स्वास्थ्य जांच और मोतियाबिंद उपचार शिविर लगाए जाएंगे।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों के सम्मान में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बच्चों को वीरों की कहानियों से जोड़ा जाएगा, ताकि उनमें राष्ट्र और भारतीय संस्कृति के प्रति गौरव की भावना मजबूत हो। इस अवसर पर स्वामी धर्मदेव एवं पूर्व कुलपति डॉ. अशोक दिवाकर द्वारा भी आमजन से सेवा संकल्प अभियान में बढ़-चढक़र भागीदारी करने का आह्वान किया गया। इस मौके पर भाजपा प्रदेश महामंत्री सत्यप्रकाश जरावता, प्रदेश महामंत्री वेद फुल्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर