गुरुग्राम: भाजपा प्रदेश कार्यालय में रोजाना होगी जनसुनवाई, पदाधिकारियों की लगाई ड्यूटी तय
-छह से 22 अगस्त तक रोजाना पंचकमल में मौजूद रहेंगे प्रदेश उपाध्यक्ष व मंत्री
गुरुग्राम, 04 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा ने पार्टी कार्यकर्ताओं एवं आमजन की समस्याओं के नियमित निवारण तथा संगठन और जनता के बीच निरंतर संवाद को मजबूत करने की दिशा में पहल की है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के निर्देशानुसार पंचकूला स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पंचकमल में प्रतिदिन एक प्रदेश उपाध्यक्ष अथवा प्रदेश मंत्री की उपस्थिति सुनिश्चित की गई है।
प्रदेश कार्यालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार छह अगस्त से 22 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक निर्धारित पदाधिकारी प्रदेश कार्यालय में उपलब्ध रहेंगे। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी तथा आमजन अपनी सामाजिक, स्थानीय एवं संगठनात्मक समस्याओं को लेकर संबंधित पदाधिकारी से मुलाकात कर सकेंगे। भाजपा की इस व्यवस्था का उद्देश्य कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुनना, जनसरोकारों से जुड़े विषयों को समझना तथा संबंधित स्तर पर उनके समाधान के लिए आवश्यक समन्वय करना है। इससे प्रदेश कार्यालय में आने वाले कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों को अपनी बात रखने के लिए नियमित मंच उपलब्ध होगा।
इन पदाधिकारियों की रहेगी जिम्मेदारी
जारी कार्यक्रम के अनुसार छह अगस्त को प्रदेश मंत्री रवि बतान, सात अगस्त को प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक गुर्जर, आठ अगस्त को प्रदेश मंत्री मीना चौहान, नौ अगस्त को प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक दीपक मंगला, तथा 10 अगस्त को प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक लतिका शर्मा जनसुनवाई के लिए प्रदेश कार्यालय में उपस्थित रहेंगे। इसी तरह 11 अगस्त को प्रदेश उपाध्यक्ष जवाहर सैनी, 12 अगस्त को प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, 13 अगस्त को प्रदेश उपाध्यक्ष रविन्द्र बलियाला, 14 अगस्त को प्रदेश मंत्री मदन चौहान, 15 अगस्त को प्रदेश मंत्री हरविन्द्र कोहली, 16 अगस्त को प्रदेश मंत्री अमरपाल राणा तथा 17 अगस्त को प्रदेश मंत्री प्रतिभा सुमन की ड्यूटी निर्धारित की गई है। 18 अगस्त को प्रदेश उपाध्यक्ष भव्य बिश्नोई, 19 अगस्त को प्रदेश मंत्री नागेन्द्र शर्मा, 20 अगस्त को प्रदेश मंत्री विकास दहिया, 21 अगस्त को प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक लक्ष्मण यादव तथा 22 अगस्त को प्रदेश मंत्री गुरप्रीत कौर प्रदेश कार्यालय में उपलब्ध रहेंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर