गुरुग्राम: भाजपा में वंशवाद की नहीं, कर्मठता और योग्यता की होती है पूजा: नायब सिंह सैनी

 


-स्वामी विवेकानंद ने भारत की आत्मा को विश्व मंच पर स्थापित किया

गुरुग्राम, 12 जनवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज विवेकानंद की जन्म जयंती का दिन हमारे लिए गर्व का दिन है। उन्होंने मां शीतला और गुरु द्रोण की पवित्र धरती पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करते हुए कहा कि नबीन के आने से हरियाणा के युवाओं में नई उर्जा का संचार होगा। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारत की आत्मा को विश्व मंच पर स्थापित किया। भारत को विश्व पटल पर नई पहचान दिलाई। वे सोमवार को यहां भाजपा कार्यालय में भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन के स्वागत समारोह एवं स्वामी विवेकानंद जयंती समारोह ममें बोल रहे थे।स्वामी विवेकानंद को नमन करते हुए नायब सिंह सैनी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद केवल एक संयासी नहीं, बल्कि युवाओं के प्रेरणा स्रोत हैं। स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि युवाओं को खुद पर विश्वास होना चाहिए। भगवान भी उस व्यक्ति की ही सहायता करते हैं जिनका खुद पर विश्वास हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के दिन सभी युवाओं को विवेकानंद जी के शब्दों उनके चरित्र और जीवन को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लेना चाहिए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हम युग पुरूष स्वामी विवेकानंद की जन्म जयंती हर्षोल्लास के साथ मना रहे है। उन्होंने कहा कि हमारे लिए यह सुखद अनुभूति है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नबीन को सरकार और संगठन का बड़ा अनुभव है। श्री नबीन युवाओं के लिए एक प्रेरणा के रूप में है। उन्होंने कहा कि भाजपा में वंशवाद की नहीं कर्मठता और योग्यता की पूजा होती है। हमारी सरकार ने 11 वर्षों में हरियाणा की राजनीति की एक नई तस्वीर बनाई है। एक लाख 80 हजार से अधिक युवाओं को नौकरियां देने का काम किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 11 वर्षों से हमारी सरकार ने युवा नीति को गति दी है। युवाओं का सम्मान हो इसके लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि मैने विधानसभा चुनाव में वादा किया था कि सरकार बनते ही 24 हजार युवाओं को रोजगार दिया जाएगा और यह वादा हमारी सरकार ने निभाया। नायब सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार में बिना पर्ची और बिना खर्ची के युवाओं को रोजगार मिल रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर