गुरुग्राम में कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को ऐतिहासिक बनाएगी भाजपा
-गुरुग्राम में कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नबीन के भव्य स्वागत की तैयारी
-मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी सहित तमाम नेता रहेंगे मौजूद
गुरुग्राम, 10 जनवरी (हि.स.)। भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नबीन के हरियाणा में पहली बार हो रहे दौरे को लेकर प्रदेश भाजपा ने बड़े स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। उनके इस दौरान को प्रदेश भाजपा ऐतिहासिक और यादगार बनाने में जुटी है। इन्हीं तैयारियों को लेकर शनिवार को गुरुग्राम के गुरुकमल कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया और प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ की। बैठक में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नीतिन नबीन के पहले गुरुग्राम दौरे को ऐतिहासिक रूप से भव्य बनाने का संकल्प लिया।
12 जनवरी युवा दिवस के अवसर पर गुरुग्राम में भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन पर पूरे शहर को सजाने के लिए कार्यकर्ता जुट गए हैं। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी के सामने अपनी तैयारियों की जानकारी भी रखी। प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने एक-एक कार्यकर्ताओं से खासकर युवाओं से अपील की कि राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के प्रथम आगमन पर युवाओं की भागीदारी अधिक हो। डा. पूनिया ने कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नीतिन नबीन युवा और ओजस्वी नेतृत्व देने वाले नेता हैं। इसलिए इस कार्यक्रम में युवाओं की भागीदारी राजनीति में युवाओं को आगे आने में प्रेरित करेगी। केंद्रीय संसदीय बोर्ड की सदस्य डा. सुधा यादव, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, डा. अर्चना गुप्ता, मंत्री कृष्ण बेदी, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, मंत्री राव नरबीर, विधायक तेजपाल तंवर, मुकेश शर्मा, प्रदेश सचिव गार्गी कक्कड़ सहित गुरुग्राम जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, गुरुग्राम महानगर जिला अध्यक्ष अजीत यादव समेत पार्टी पदाधिकारी सहित तमाम नेताओं और पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को बेहतर से बेहतर बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव भी रखे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि यह गुरुग्राम के कार्यकर्ताओं के लिए गौरव की बात है कि कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नबीन हरियाणा में पहली बार दौरा कर रहे हैं। यह दौरा गुरुग्राम में होगा। कार्यकर्ताओं में कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष के गुरुग्राम दौरे के लेकर जबरदस्त उत्साह है। कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत में शहर को कमल के फूल के झंडों से सजाया जाएगा। नीतिन नबीन का यह दौरा कई मायनों में महत्वपूर्ण है। भाजपा प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया ने बताया कि 12 जनवरी को एंबियंस मॉल के पास भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नबीन का स्वागत करेंगे। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के साथ युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या भी रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर