गुरुग्राम: मुझे मिली जिम्मेदारी हर साथी कार्यकर्ता का सम्मान: महेश चौहान
-भाजपा गुरुग्राम ने किसान मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का किया भव्य स्वागत
गुरुग्राम, 31 अगस्त (हि.स.)। भाजपा हरियाणा किसान मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष महेश चौहान का भाजपा जिला कार्यालय में स्वागत किया गया। भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी के नेतृत्व एवं किसान मोर्चा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष प्रदीप गुर्जर के नेतृत्व में यह कार्यक्रम हुआ। किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने उन्हें कृषि कार्य में उपयोग होने वाली फावली तथा बाजरे की बाल का बुके भेंटकर अभिनंदन किया।
भाजपा कार्यकर्ताओं के अपार जोश, उत्साह और आत्मीयता को देखकर महेश चौहान ने संगठन के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि गुरुग्राम के कार्यकर्ताओं ने जिस आत्मीयता और उत्साह के साथ उनका स्वागत किया है, वह उनके लिए केवल सम्मान नहीं बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी और प्रेरणा भी है। खुद को मिली जिम्मेदारी को वे कर्मठ कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पूरा करेंगें। यह जिम्मेदारी हर कार्यकर्ता का सम्मान है। संगठन को अधिक मजबूत बनाने की दिशा में काम करेंगें। भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने महेश चौहान को हरियाणा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व मिलने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसा संगठन है जहां समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ताओं को निरंतर नई जिम्मेदारियां देकर संगठन को आगे बढ़ाया जाता है। महेश चौहान का अनुभव, सक्रियता और संगठन के प्रति समर्पण निश्चित रूप से किसान मोर्चा को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करेगा।
सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था और ग्रामीण व्यवस्था की महत्वपूर्ण धुरी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार किसान कल्याण को प्राथमिकता देते हुए अनेक योजनाओं और नीतियों के माध्यम से किसानों को सशक्त बनाने का कार्य कर रही है। इस स्वागत समारोह में जिला महामंत्री अजीत यादव, किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष बेगराज यादव, सुमित हुड्डा, प्रदेश महामंत्री सुनील वत्स, किसान मोर्चा प्रदेश मीडिया प्रभारी विजय यादव, गुरुग्राम जिला प्रभारी वीरेंद्र शर्मा, किसान मोर्चा जिला महामंत्री अजीत यादव, विजय परमार, अनिल गंडास, राजपूत महासभा के अध्यक्ष अरुण चौहान एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर