गुरुग्राम: भाजपा की सफलता का आधार मजबूत संगठन, अनुशासित कार्यकर्ता: डा. सतीश पूनिया
गुरुग्राम, 31 मई (हि.स.)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत रविवार को माधवगढ़ फार्म में आयोजित जिला प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कार्य विस्तार, विचारधारा, संगठन की मजबूती, राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने पार्टी के कार्य विस्तार विषय पर कार्यकर्ताओं के साथ विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक व्यापक अभियान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र के साथ एक भारत-श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
डॉ. पूनिया ने कहा कि भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है तो उसके पीछे करोड़ों समर्पित कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत, निष्ठा और सेवा भाव है। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और वही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचकर संगठन को मजबूत किया है, जिसके परिणामस्वरूप भाजपा का जनाधार लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि पार्टी का विस्तार केवल सदस्य संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का अभियान है। कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे सरकार की योजनाओं और नीतियों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं तथा जनता और संगठन के बीच मजबूत सेतु का कार्य करें।
डॉ. पूनिया ने कहा कि भाजपा की सफलता का आधार उसका मजबूत संगठन और अनुशासित कार्यकर्ता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने, नए लोगों को पार्टी से जोड़ने तथा बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सशक्त करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समर्पित कार्यकर्ताओं के बल पर भाजपा आने वाले समय में भी जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए राष्ट्र सेवा के अपने संकल्प को आगे बढ़ाती रहेगी।
संगठन की शक्ति ही राष्ट्र निर्माण की आधारशिला: ओम प्रकाश धनखड़
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन सुदृढ़ीकरण एवं कार्यकर्ता निर्माण के उद्देश्य से आयोजित यह प्रशिक्षण वर्ग ऊर्जा, अनुशासन और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की वास्तविक ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं और भाजपा की सबसे बड़ी पूंजी उसका कर्मठ कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और विश्व पटल पर अपनी अलग पहचान बना रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और विकास की इस यात्रा में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। प्रशिक्षण वर्ग में जवाहर यादव ने सोशल मीडिया एवं आईटी मीडिया की उपयोगिता विषय पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर