गुुरुग्राम: हाइड्रोजन ट्रेनें भविष्य के भारत की पहचान बनेंगी: डा. अर्चना गुप्ता
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेशवासियों से 17 जुलाई काे अधिक से अधिक संख्या में जींद पहुंचने की करी अपील
गुरुग्राम, 10 जुलाई (हि.स.)। भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा है कि 17 जुलाई को जींद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशाल जनसभा हरियाणा के विकास के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ेगी। यह आयोजन प्रदेश को आधुनिक बुनियादी ढांचे, हरित तकनीक और जनकल्याण से जुड़ी अनेक बड़ी सौगातें देने वाला ऐतिहासिक अवसर भी बनेगा।
प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने शुक्रवार को यहां जारी बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आज आधुनिक, हरित और भविष्य की तकनीकों की ओर तेजी से बढ़ रहा है। इसी सोच का परिणाम है कि पीएम मोदी 17 जुलाई को हरियाणा को हाइड्रोजन आधारित रेल परियोजना जैसी ऐतिहासिक सौगात देंगे। उन्होंने कहा कि हाइड्रोजन ईंधन पर चलने वाली ट्रेनें भविष्य के भारत की पहचान बनेंगी। यह पहल न केवल प्रदूषण कम करेगी, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को भी नई मजबूती देगी। हरियाणा इस परिवर्तन का अग्रणी राज्य बनने जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जींद में प्रधानमंत्री विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं से रेलवे, सड़क, कनेक्टिविटी और जनसुविधाओं का विस्तार होगा तथा प्रदेश में औद्योगिक निवेश, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। यह कार्यक्रम विकसित हरियाणा की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। डा. अर्चना गुप्ता ने बताया कि रैली को भव्य और ऐतिहसिक बनाने के लिए भाजपा संगठन पूरी ताकत के साथ तैयारियों में जुटा हुआ है। जिला, मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। परिवहन, पार्किंग, पेयजल, चिकित्सा सहायता, यातायात प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि 17 जुलाई को जींद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा को विकास, आधुनिक तकनीक और जनकल्याण का नया संदेश देंगे। यह जनसभा विकसित हरियाणा और विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा देने वाला ऐतिहासिक आयोजन सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि मोदी और नायब सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है और इसी सोच के साथ प्रदेश में लगातार बड़े निर्णय लिए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर