गुरुग्राम: मोदी सरकार के 12 साल में आए क्रांतिकारी बदलाव: डा. अर्चना गुप्ता

 


-गुरुग्राम महानगर पहुंचने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता का भव्य स्वागत

गुरुग्राम, 27 जून (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ कार्य करने वाला मजबूत संगठन है और कार्यकर्ता ही इसकी रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सरकार और आम जनता के बीच सबसे महत्वपूर्ण सेतु हैं। उनके अथक परिश्रम के कारण ही भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। यह बात उन्होंने शनिवार को मानेसर स्थित एचएसआईआईडीसी ऑडिटोरियम में आयोजित स्वागत एवं अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए कही।

गुरुग्राम महानगर मानेसर पहुंचने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता का जिला अध्यक्ष अजीत यादव, विधायक बिमला चौधरी, विधायक तेजपाल तंवर, पूर्व मंत्री संजय सिंह, राजकुमार बोहरा, पूर्व विधायक सत्यप्रकाश जरावता, मेयर डा. इंद्रजीत कौर, समय सिंह भाटी व कार्यकर्ताओं ने बड़ी पुष्पमाला और पुष्प गुच्छ देकर भव्य एवं जोरदार स्वागत किया। विभिन्न सामाजिक संगठनों, पार्टी पदाधिकारियों, नेताओं, सम्मानित सरपंचों और कार्यकर्ताओं ने डा. अर्चना गुप्ता का अभिनंदन किया। डा. गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनका नहीं, बल्कि भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं का सम्मान है। उन्होंने कहा कि आप सभी का यह अपार स्नेह और सम्मान ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी हैं। डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि चुनावों में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे अधिक निर्णायक होती है। उन्होंने कहा कि जब बूथ का कार्यकर्ता अपना बूथ जीतकर संगठन की झोली में डालता है तभी भाजपा की जीत सुनिश्चित होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मेरा बूथ, सबसे मजबूत के मंत्र के साथ संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।

प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि यह 12 साल केवल सत्ता संचालन के ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों के जीवन में आए क्रांतिकारी बदलाव की साक्षी रहे हैं। उन्होंने कहा कि 12 वर्षों में मोदी सरकार ने सुशासन से समृद्धि की परिकल्पना को धरातल पर उतारा गया है और विकास का लाभ बिना किसी भेदभाव के समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। भाजपा जिला मानेसर अध्यक्ष अजीत यादव ने कार्यक्रम में पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, विधायकों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों का स्वागत करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर