गुरुग्राम: गरीब व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही नायब सरकार: राव नरबीर सिंह

 


-बादशाहपुर में जिला प्रशिक्षण शिविर में कैबिनेट मंत्री ने कही यह बात

-प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता की अध्यक्षता में हुआ प्रशिक्षण शिविर

गुरुग्राम, 30 मई (हि.स.)। भाजपा के जिला प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता समेत कई मंत्रियों व वरिष्ठ नेताओं ने शिरकत करके कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती का मंत्र दिया। शनिवार को यहां बादशाहपुर से टीकली रोड पर माधवगढ़ फार्म में आयोजित जिला प्रशिक्षण वर्ग शिविर में सबसे पहले कैबिनेट मंत्री राव नरवीर सिंह ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। राज्य सरकार की उपलब्धियों एवं योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

राव नरवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान और प्लॉट प्रदान कर रही है। पात्र परिवारों को स्वामित्व योजना के माध्यम से संपत्ति अधिकार दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज गरीब परिवारों को इलाज की चिंता नहीं करनी पड़ती। आयुष्मान भारत योजना और चिरायु हरियाणा योजना के तहत पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक का निशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, हर घर-हर गृहिणी योजना, उज्ज्वला योजना, हर घर नल से जल, किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, मेरी फसल मेरा ब्यौरा, ई-टेंडरिंग, ऑनलाइन सेवाओं और अंत्योदय परिवार उत्थान कार्यक्रम जैसी योजनाओं का लाभ लाखों लोगों तक पहुंच रहा है। संगठन को मजबूत बनाना ही सफलता का मूल मंत्र: फणीन्द्रनाथ शर्मा

भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने पार्टी की कार्यपद्धति पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा एक विचार आधारित संगठन है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की शक्ति का आधार होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को अनुशासन, समर्पण और संगठनात्मक जिम्मेदारियों के निर्वहन का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाना ही पार्टी की सफलता का मूल मंत्र है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि समाज सेवा, जनसंपर्क और राष्ट्र निर्माण में भी सक्रिय भूमिका निभाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निरंतर सीखने, स्वयं को विकसित करने और समाज के बीच रहकर कार्य करने की प्रेरणा दी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर