प्रदेश अध्यक्ष बनकर पहली बार गुरुग्राम में पहुंची डा. अर्चना गुप्ता का भव्य स्वागत
-पुष्पवर्षा और जयघोष के नारों के साथ भव्य स्वागत
-जिन-जिन रास्तों से उनका काफिला गुजरा वहीं पर हुआ पुष्पवर्षा से स्वागत
गुरुग्राम, 20 जून (हि.स.)। हरियाणा भाजपा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार गुरुग्राम पहुंचीं। भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं ने रेलवे रोड से लेकर शहर के अन्य हिस्सों में जगह-जगह पर टैंट लगाए थे। हर जगह प्रदेश अध्यक्ष अपने स्वागत से गदगद दिखीं।
सेक्टर-17 स्थित ब्लिस प्रिमियर बैंक्वेट हॉल में स्वागत समारोह आयोजित किया गया। वहां पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता का मंत्री राव नरबीर सिंह, जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी समेत अनेक नेताओं, पदाधिकारियों ने स्वागत किया। रोड शो के दौरान शहर में अनेक स्थानों पर प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया गया। न्यू कालोनी मोड़ पर समाजसेवी बनवारी लाल सैनी समेत अनेक लोगों ने प्रदेश अध्यक्ष को प्रथम शिक्षिका सावित्री बाई फुले की तस्वीर भेंट कर स्वागत व सम्मान किया। डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा के एक-एक कार्यकर्ता के समर्पण भाव से ही पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन पाई है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा है और जनसेवा उनका संकल्प है। संगठन की शक्ति और कार्यकर्ताओं का समर्पण ही भारतीय जनता पार्टी की सफलता का आधार है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया अथक परिश्रम ही पार्टी की जीत सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। डा. अर्चना गुप्ता ने कार्यकर्ताओं से हर बूथ को और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया और बूथ अध्यक्षों की जमकर तारीफ की।
डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि कहा कि यह सम्मान उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि भाजपा के प्रत्येक समर्पित कार्यकर्ता का सम्मान है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं और जनता द्वारा दिया गया यह स्नेह उन्हें और अधिक ऊर्जा तथा समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं का सम्मान करना ही उनका प्रमुख लक्ष्य रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर