गुरुग्राम: भाजपा करोड़ों कार्यकर्ताओं के पसीने से बनी हुई पार्टी: डा. अर्चना गुप्ता

 


-प्रदेश अध्यक्ष बनकर पहली बार गुरुग्राम पहुंची डा. अर्चना गुप्ता का भव्य स्वागत

-पुष्पवर्षा और जयघोष के नारों के साथ भव्य स्वागत

गुरुग्राम, 20 जून (हि.स.)। भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन पाई है। यह बात उन्होंने शनिवार को पहली बार गुरुग्राम पहुंचने पर सेक्टर-17 स्थित ब्लिस प्रिमियर बैंक्वेट हॉल में अपने स्वागत समारोह में कही।

हरियाणा भाजपा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार गुरुग्राम पहुंचीं। शहर में उनका जगह-जगह पर भव्य स्वागत किया गया। भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं ने रेलवे रोड से लेकर शहर के अन्य हिस्सों में जगह-जगह पर टैंट लगाए थे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का मंत्री राव नरबीर सिंह, जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी समेत अनेक नेताओं, पदाधिकारियों ने स्वागत किया। हर जगह प्रदेश अध्यक्ष अपने स्वागत से गदगद दिखीं। अपने यादगार स्वागत पर उन्होंने कार्यकर्ताओं का आभार जताया। अपने संबोधन में डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास मेरी सबसे बड़ी प्रेरणा है और जनसेवा मेरा संकल्प है। डा. अर्चना गुप्ता ने कार्यकर्ताओं से हर बूथ को और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया और बूथ अध्यक्षों की जमकर तारीफ की। डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि कहा कि यह सम्मान उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि भाजपा के प्रत्येक समर्पित कार्यकर्ता का सम्मान है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं और जनता द्वारा दिया गया यह स्नेह उन्हें और अधिक ऊर्जा तथा समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं का सम्मान करना ही उनका प्रमुख लक्ष्य रहेगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने राष्ट्र प्रथम के संकल्प को साकार करते हुए वैश्विक मंच पर अपनी पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल मजबूत होती भारतीय कूटनीति की नहीं, बल्कि उस व्यापक परिवर्तन की कहानी है जिसमें दुनिया की भारत के प्रति सोच और भारत की वैश्विक भूमिका दोनों बदली हैं। आज भारत केवल वैश्विक मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने वाला देश नहीं, बल्कि विश्व के एजेंडा को दिशा देने वाला राष्ट्र बन चुका है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर