गुरुग्राम: केंद्र में 12 साल की भाजपा सरकार नाकामी का प्रतीक: पंकज डावर

 


-कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने काला धन, महंगाई और बेरोजगारी पर साधा निशाना

गुरुग्राम, 16 जून (हि.स.)। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने केंद्र में भाजपा सरकार के 12 साल पूरे होने पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा जश्न मना रही है, लेकिन जनता सवाल पूछ रही है कि वह काला धन कहां है जिसे विदेशों से वापस लाने का वादा किया गया था।

पंकज डावर ने मंगलवार को कहा कि झूठ की राजनीति करके भाजपा ने हर चुनाव से पहले नया मुद्दा जनता के सामने रखा और चुनाव खत्म होते ही उसे भुला दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि 2014 में जनता से किए गए वादे आज तक अधूरे हैं। देश की जनता अब समझ चुकी है कि वह धोखे में रखी गई है और आने वाले समय में भाजपा का अस्तित्व ही खत्म हो जाएगा। पंकज डावर ने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले विदेशों में जमा काले धन को वापस लाने और हर नागरिक के खाते में 15 लाख रुपये देने का वादा किया था। 12 साल बाद भी न काला धन आया और न ही जनता को उसका लाभ मिला। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के नाम पर आम जनता को लाइनों में खड़ा किया गया, लेकिन भ्रष्टाचार पर कोई लगाम नहीं लगी।

कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने आरोप लगाया कि भाजपा राज में महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल, दाल, सब्जी और रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे हैं। वहीं बेरोजगारी दर लगातार बढ़ रही है। सरकारी नौकरियों में भर्तियां नहीं हो रही हैं और निजी क्षेत्र में भी रोजगार के अवसर सीमित हो गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर