गुरुग्राम में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या

 

युवक के पेट में सटाकर मारी गोली, मौके पर मौत

गुरुग्राम, 10 सितंबर (हि.स.)। शहर में पल्सर पर सवार तीन बदमाशों ने बीच सड़क युवक को रोककर पेट में सटाकर गोलियां मार दीं। इससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और दुकानदारों में अफरा तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार बसई गांव निवासी महेंद्र अपने बेटे साहिल के साथ बाइक पर किसी काम से जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पीछे से पल्सर पर आए तीन नकाबपोश युवकों ने उसका पीछा कर बीच रास्ते उसकी बाइक के आगे अपनी बाइक लगाकर रास्ता रोक लिया। एक बदमाश ने बाइक से उतरते ही पिस्टल निकाली और महेंद्र के पेट से सटाकर ताबड़तोड़ फायर कर दिए। खून से लथपथ महेंद्र सड़क पर गिर पड़ा और आरोपी हथियार लहराते हुए फरार हो गए। राहगीरों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और महेंद्र को सेक्टर-10 सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अत्यधिक खून बहने के कारण मृत घोषित कर दिया। मृतक युवक के परिजनों ने बताया कि जनवरी में महेंद्र का कुछ स्थानीय युवकों से झगड़ा हुआ था। शक है कि उसी रंजिश में सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर केस दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बदमाश बेटे को मारने आए थे, लेकिन उसके पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक का एक बेटा हत्या के आराेप में जेल में बंद है। एसीपी कपिल ने कहा कि गोली चलने की सूचना पर टीम मौके पर पहुंची। महेंद्र नाम के व्यक्ति को गोली लगी है। तीन लोग बाइक पर आए थे, कुछ लोगों की पहचान हुई है। जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर