गुरुग्राम: तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार कंपनी कर्मी की मौत
-रात ड्यूटी से घर लौट रहा था 25 वर्षीय अभिषेक, कार चालक फरार
गुरुग्राम, 09 अगस्त (हि.स.)। खेडक़ीदौला थाना क्षेत्र में सर्विस रोड पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार कंपनी कर्मी की मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने रविवार को बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार नूंह जिले के कोटा खंडेवला निवासी 25 वर्षीय अभिषेक मानेसर सेक्टर-2 स्थित मूनलाइट मूवर कंपनी में नौकरी करता था। वह रात की शिफ्ट में ड्यूटी करता था। नौ अगस्त की रात सवा एक बजे अभिषेक ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। हयात होटल के पास सर्विस रोड पर मानेसर की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल अभिषेक को राहगीरों ने तुरंत सिविल अस्पताल सेक्टर-10 पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे सेक्टर-90 स्थित आरवी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। अभिषेक के पिता प्रताप की शिकायत पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी एएसआई मनोज कुमार ने बताया कि कार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही काबू कर लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर