गुरुग्राम: युवक की गला दबाकर हत्या, शव संदूक में बंद मिला

 


पुलिस ने हत्याकांड के दो आरोपियों को किया गिरफ्तारगुरुग्राम, 27 अप्रैल (हि.स.)। यहां सेक्टर-53 स्थित बंजारा मार्केट के पास एक युवक की हत्या कर दी गई। युवक के भाई की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। वहां झुग्गी में रखी संदूक में युवक का शव बंद था और बदबू आ रही थी। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने सोमवार को बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान बिहार के सहरसा निवासी अमन के रूप में हुई। वह गुरुग्राम में डिलीवरी बॉय का काम करता था। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार रविवार 26 अप्रैल को सुनीता ने अमन के छोटे भाई को कॉल करके बताया कि अमन को मारकर झुग्गी में रखी संदूक में बंद किया हुआ है। अमन का भाई जब मौके पर पहुंचा तो वहां कोई नहीं था। वहां से बदबू आ रही थी। उसने संदूक खोलकर देखा तो उसमें उसके भाई अमन की डेड बॉडी थी। इसकी शिकायत उसने सेक्टर-53 पुलिस थाना को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक की गला दबाकर हत्या कर गई थी। पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला है कि गुरुग्राम में रह रहे अमन निवासी जिला सरहसा बिहार सुनीता नामक एक महिला के साथ रहता था। सुनीता के सोनू नामक अन्य युवक के साथ अवैध संबंध का अमन को शक था। 25 अप्रैल की सुबह साढ़े छह बजे अमन की गला घोंटकर हत्या की गई और शव को संदूक में बंद कर दिया। पुलिस ने हत्या के मामले में सोनू और उसके साथी मोहम्मद मिराज को गिरफ्तार कर लिया। अभी तक की जांच में सामने आया है कि अमन के साथ रह रही महिला सुनीता के सोनू नामक के युवक के साथ अवैध संबध बन गए थे। सोनू भी मूलरूप से बिहार का ही है। सोनू और उसके साथी मोहम्मद मिराज ने पूछताछ में हत्या की बात स्वीकारी है। हत्या के दौरान एक आरोपी ने अमन के पैर पकड़े, जबकि दूसरे ने गला दबाया। इसके बाद शव को संदूक में बंद कर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार इस मामले में मृतक की पत्नी की भूमिका भी संदिग्ध है। पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि हत्या वाले दिन वह काम पर चली गई थी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर