गुरुग्राम: बसई रोड हत्याकांड में पांच आरोपी काबू, भागते समय दो की टांग टूटी

 


-बाइक सवारों ने एक व्यक्ति को सरेआम पेट में गोली मारकर की थी हत्या

-पिता को मारने आए थे, बेटे को मारकर हुए फरार

गुरुग्राम, 11 सितंबर (हि.स.)। बसई रोड पर एनके फैक्ट्री के पास 39 वर्षीय महेंद्र की गोली मारकर हत्या के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने शुक्रवार को पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से बचने के लिए भागने की कोशिश में दो आरोपियों की टांग टूट गई। सहायक पुलिस आयुक्त नवीन शर्मा ने शुक्रवार को बताया कि आरोपियों के कब्जे से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार यह हत्या 2025 में हुई हत्या का बदला लेने के लिए रची गई साजिश थी। आरोपियों ने महेंद्र और उसके बेटे दोनों की हत्या की योजना बनाई थी।

बता दें कि एक दिन पूर्व 10 दिसंबर 2026 गुरुवार को सुबह करीब साढ़े नौ बजे महेंद्र अपने बेटे के साथ बाइक पर सदर बाजार जा रहा था। कृष्णा नगर के पास एनके फैक्ट्री के नजदीक पीछे से बाइक पर आए तीन युवकों ने उसे घेर लिया। उनमें से एक ने महेंद्र पर गोली चला दी। गंभीर हालत में महेंद्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। महेंद्र के बेटे की शिकायत पर थाना सेक्टर-9ए में केस दर्ज करके पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। अपराध शाखा सेक्टर-10 की टीम ने घटना के दिन ही दो आरोपियों प्रणव पारासर (20) और प्रवीण पारासर (45) को काबू किया। दोनों मूल निवासी गांव बिप्रावली आगरा के रहने वाले हैं। अपराध शाखा सेक्टर-40 की टीम ने शुक्रवार को तीन और आरोपियों देव शर्मा केमटी (22) निवासी पीलीभीत उत्तर प्रदेश, अंकित उर्फ बंटी (19) निवासी बसई और उत्सव (19) निवासी लखीसराय बिहार को काबू किया। गढ़ी हरसरू के पास खुद को पुलिस से घिरे देख भागते हुए गड्ढे में गिरने से देव और अंकित की टांग टूट गई।

बदले की भावना से दिया हत्याकांड को अंजाम

सहायक पुलिस आयुक्त नवीन शर्मा ने ने आरोपियों से पूछताछ के आधार पर बताया कि प्रवीण व प्रणव पिता-पुत्र हैं। प्रवीण के दूसरे बेटे पर्व की 2025 में हत्या हुई थी। इसमें मृतक महेंद्र का बेटा शामिल था। इसी बदले के लिए प्रवीण और प्रणव ने देव, अंकित और उत्सव के साथ मिलकर साजिश रची। हथियार और पैसे प्रवीण और प्रणव ने उपलब्ध कराए। गोली देव ने चलाई थी। पुलिस अन्य आरोपियों और हथियार सप्लाई की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर