गुरुग्राम: बंधवाड़ी लैंडफिल साइट में फिर लगी आग, निकल रहा काला धुआं
-आग पर काबू पाने के लिए पहुंचे दमकल की आठ गाडिय़ां
गुरुग्राम, 25 जून (हि.स.)। गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड स्थित बंधवाड़ी वेस्ट मैनेजमेंट साइट पर गुरुवार को एक बार फिर भीषण आग भडक़ गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें सक्रिय हो गईं।
गुरुवार को बंधवाड़ी में कूड़े के पहाड़ में आग लगी होने की सूचना से हडक़ंप मच गया। यहां आग लगने का मतलब है कि उसे बुझाने में कड़ी मशक्कत होना। इसके बाद भी आग नीचे कहां तक लगी है, यह पता करने में भी काफी समय लग जाता है। आग की सूचना पर सेक्टर-29, सोहना और आसपास के अन्य फायर स्टेशनों से आठ दमकल गाडिय़ां मौके पर पहुंची। फायर फाइटर्स आग पर काबू पाने में जुटे हैं। कचरे के ढेरों के नीचे सुलग रही गैस के कारण आग बुझाने में दिक्कत आ रही है। टीम पानी की बौछारों के साथ मिट्टी और मशीनों की मदद से आग को फैलने से रोकने की कोशिश कर रही है। आग से उठ रहे जहरीले और घने धुएं से आसपास के रिहायशी इलाकों में रहने वाले लोगों को सांस लेने में दिक्कत और आंखों में जलन की शिकायत हो रही है। पूरे इलाके में प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ गया है। बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर आग लगने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी यहां कई बार भीषण आग लग चुकी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर