गुरुग्राम: कार में बैठे युवक के सिर में गोली लगने से मौत

 


-पार्टी के लिए निकले थे दोनों दोस्त, लाइसेंसी रिवाल्वर से चली गोली

-पुलिस हादसा और हत्या दोनों एंगल से कर रही जांच

गुरुग्राम, 16 जुलाई (हि.स.)। यहां सेक्टर-65 थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव बहरामपुर में बुधवार देर रात कार में चली गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई। गोली लाइसेंसी रिवॉल्वर से चली। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने गुरुवार को बताया कि पुलिस ने मृतक के दोस्त को हिरासत में लेकर लाइसेंसी रिवाल्वर जब्त कर ली है। वह उसके पिता की थी। गोली जान-बूझकर चलाई गई या गलती से, इसको लेकर पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बदरपुर निवासी 28 वर्षीय आकाश के रूप में हुई है। बुधवार रात को आकाश अपने दोस्त बहरामपुर निवासी लक्की से मिलने आया था। दोनों ने पार्टी का प्लान बनाया और लक्की की कार से निकले। इसी दौरान कार में लक्की के पास उसके पिता की लाइसेंसी रिवाल्वर भी थी। बताया जा रहा है कि कार में रिवाल्वर को देखते समय अचानक गोली चल गई। गोली सीधे आकाश के सिर में जा लगी। गोली लगते ही आकाश कार में ही बेहोश होकर गिर पड़ा। लक्की तुरंत उसे सेक्टर-57 स्थित मेरिंगो अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-65 थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसके दोस्त लक्की को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। उसके पिता की लाइसेंसी रिवाल्वर को भी कब्जे में ले लिया गया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि गोली हत्या के इरादे से चलाई गई थी या यह एक हादसा था। लक्की अपने पिता की लाइसेंसी रिवाल्वर कार में किस उद्देश्य से लेकर आया। क्या उसने रिवाल्वर से छेड़छाड़ की। इन सब बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर