गुरुग्राम: बैड कैरेक्टर अपराधियों को हर 15 दिन में थाने में लगानी होगी हाजिरी
-आदतन अपराधियों को थाने में बुलाकर किया गया रिकॉर्ड का निरीक्षण
-आदतन अपराधियों पर गुरुग्राम पुलिस की विशेष निगरानी अभियान के तहत कार्रवाई
-पुलिस उपायुक्त पश्चिम शशि शेखर के नेतृत्व में की गई कार्रवाई
गुरुग्राम, 18 नवंबर (हि.स.)। गुरुग्राम पुलिस द्वारा अपराधों पर अंकुश लगाने तथा आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत बुधवार को पुलिस उपायुक्त पश्चिम शशि शेखर के नेतृत्व में थाना पालम विहार, उद्योग विहार तथा सेक्टर-17/18 की पुलिस टीमों द्वारा विशेष कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई के दौरान तीनों थानों के कुल 13 बीसी (बैड कैरेक्टर) अपराधियों को बुलाया गया। पुलिस टीम द्वारा उनके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड एवं आपराधिक गतिविधियों से संबंधित विवरण की गहनता से जांच एवं समीक्षा की गई। पुलिस टीम द्वारा सभी को उनके आपराधिक रिकॉर्ड के संबंध में अवगत कराते हुए भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त न होने तथा कानून का पालन करते हुए शांतिपूर्ण जीवन व्यतीत करने की सख्त हिदायत दी गई। इसके अलावा सभी 13 बीसी को निर्देश दिए गए कि वे प्रत्येक 15 दिन में संबंधित थाने में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएंगे, ताकि उनकी गतिविधियों पर नियमित निगरानी रखी जा सके। पुलिस टीम द्वारा सभी को किसी भी अपराध या अपराधी से संबंधित जानकारी भी पुलिस से सांझा करने के संबंध में निर्देश दिए गए। पुलिस उपायुक्त पश्चिम शशि शेखर के मुताबिक,गुरुग्राम पुलिस द्वारा आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे व्यक्तियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की समय-समय पर समीक्षा कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गुरुग्राम पुलिस का उद्देश्य अपराधियों पर प्रभावी निगरानी रखते हुए अपराधों की रोकथाम करना, आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करना तथा क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर