गुरुग्राम: बच्चों के साथ मंदिर गया ऑटो चालक व बच्चे गायब, ऑटो खड़ा मिला

 


-ऑटो चालक की पत्नी ने जताई अपहरण की आशंका

-एक व्यक्ति को रोजाना मंदिर लेकर गया था ऑटो चालक

गुरुग्राम, 05 अप्रैल (हि.स.)। यहां डीएलएफ फेज-1 क्षेत्र में श्रद्धालुओं को मंदिर ले जाने वाला ऑटो चालक बच्चों समेत गायब हो गया। उसकी काफी तलाश की गई। काफी समय बाद उसका ऑटो तो मिल गया, लेकिन बच्चे व ऑटो चालक नहीं मिल पाया। ऑटो चालक की पत्नी ने पुलिस को अपहरण की शिकायत दी है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि शिकायत पर महिला के पति व बच्चों की तलाश शुरू कर दी गई है।

पुलिस को दी शिकायत में उत्तर प्रदेश के बरेली की रहने वाली पूजा ने कहा कि वह अपने परिवार के साथ सेक्टर-51 में रहती है। उसका पति 27 वर्षीय मनोज कुमार यहां ऑटो चलाता है। वह एक श्रद्धालु को रोजाना ऑटो से सिकंदरपुर पहाड़ी के पास हनुमान मंदिर के लिए दर्शन के लिए लेकर जाते थे। शनिवार को भी मनोज ऑटो लेकर श्रद्धालु को दर्शन कराने के लिए मंदिर लेकर गया था। उनके साथ दोनों बेटे छह साल का मयूर व तीन साल का लक्क्षी भी गए थे। देर शाम तक तीनों घर नहीं लौटे। पूजा के मुताबिक, उनको तलाश करते हुए वह पहाड़ी वाले मंदिर पहुंची। मंदिर के पास ऑटो तो खड़ा मिला, लेकिन उसका पति व बच्चे कहीं नहीं मिले। पूजा को संदेह है कि किसी ने उसके पति व बच्चों का अपहरण कर लिया है। पुलिस ने केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर