गुरुग्रामर: बीच सड़क पर दो पक्षों में खूनी झड़प
मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
गुरुग्राम, 01 जून (हि.स.)। सेक्टर-37 क्षेत्र में स्थित वोल्वो शोरूम के पास सोमवार को मामूली बात को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते कहासुनी ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला शुरू कर दिया। सड़क के बीच हुई इस मारपीट से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर बहस और गाली-गलौज हुई। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और दोनों गुटों के युवक गाड़ियों तथा आसपास से डंडे निकालकर एक-दूसरे पर टूट पड़े। सड़क पर खुलेआम चल रही इस मारपीट के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ। कई लोगों ने अपनी गाड़ियां रोककर घटनाक्रम देखा, जबकि कुछ लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास भी किया, लेकिन गुस्साए युवक किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थे।
किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के युवक एक-दूसरे पर डंडों से हमला करते हुए दिखाई दे रहे हैं। सूचना मिलने पर सेक्टर-37 थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को आता देख अधिकांश युवक मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों को खदेड़कर मामला शांत कराया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार झड़प में कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर