गुरुग्राम: ओवरटेक को लेकर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

 


गुरुग्राम, 29 अगस्त (हि.स.)। गाड़ी ओवरटेक करते समय हुई टक्कर को लेकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में सेक्टर-14 थाना पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार पुलिस ने शनिवार को बताया कीवारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

बता दें कि 22 अगस्त 2026 को एक व्यक्ति ने थाना सेक्टर-14 में शिकायत दी थी कि 16 अगस्त को उसके चाचा की स्कॉर्पियो गाड़ी नौरंगपुर रोड पर पेट्रोल पंप के पास एक ट्रक से टकरा गई थी। जब वह और उसका दोस्त गाड़ी ठीक कराने के लिए सेक्टर-12 में डेंटर की दुकान पर गए, तो 5-6 लोगों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। मारपीट में शिकायतकर्ता को गंभीर चोटें आईं। शिकायत पर थाना सेक्टर-14 में केस दर्ज किया गया। इस मामले में कार्रवाई करते हुए सेक्टर-14 पुलिस ने 28 अगस्त को चार आरोपियों को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया।

आरोपियों की पहचान प्रवीण (23 साल), करन (24 साल), अजय (23 साल) तीनों निवासी बार गुर्जर जिला गुरुग्राम व विनोद (26 साल) निवासी गांव सराय जिला नूंह के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि 16 अगस्त को शिकायतकर्ता की गाड़ी ट्रक से भिड़ी थी, जिसके बाद शिकायतकर्ता और उसके साथियों ने ट्रक ड्राइवर (आरोपी प्रवीण के पिता) के साथ गाली-गलौज की थी। इसी बात का बदला लेने के लिए प्रवीण ने अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी प्राइवेट कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड और ड्राइवर का काम करते हैं।

पुलिस ने आरोपियों को 28 अगस्त को कोर्ट में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर