गुरुग्राम: एटीडीसी व स्लेटेक मिलकर फैशन के विद्यार्थियों को देंगे एआई का प्रशिक्षण

 


-सैद्धांतिक अध्ययन के साथ मिलेगा व्यावहारिक अभ्यास, सफल प्रतिभागियों को संयुक्त प्रमाणपत्र

गुरुग्राम, 09 अक्टूबर (हि.स.)। परिधान निर्यात संवर्धन परिषद (एईपीसी) द्वारा प्रवर्तित अपैरल ट्रेनिंग एंड डिजाइन सेंटर (एटीडीसी) ने फैशन एवं परिधान क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित प्रशिक्षण को बढ़ावा देने के लिए स्लेटेक के साथ साझेदारी की है। जीनिमोड ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित स्लेटेक एआई आधारित फैशन कलेक्शन डिजाइन प्लेटफॉर्म है।

एटीडीसी के राष्ट्रीय मुख्यालय अपैरल हाउस गुरुग्राम में आयोजित समारोह में शुक्रवार को संस्थान के महानिदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) रूपक वशिष्ठ और स्लेटेक के निदेशक तनुज गंगवानी ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इस पहल के तहत फैशन एवं परिधान क्षेत्र में स्लेटेक एआई फाउंडेशन मॉड्यूल्स प्रस्तुत किए जाएंगे। प्रशिक्षण में एटीडीसी के लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से सैद्धांतिक अध्ययन एवं मूल्यांकन के साथ स्लेटेक प्लेटफॉर्म पर व्यावहारिक अभ्यास भी शामिल होगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रतिभागियों को एटीडीसी और स्लेटेक का संयुक्त प्रमाणपत्र दिया जाएगा। यह कार्यक्रम शुरुआत में एटीडीसी के विद्यार्थियों के लिए पायलट आधार पर संचालित किया जाएगा। इसके बाद इसे संस्थान के प्रशिक्षण नेटवर्क में विस्तार देने की योजना है। इस पहल का उद्देश्य फैशन की रचनात्मकता को आधुनिक तकनीक से जोडऩा और विद्यार्थियों को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप डिजिटल कौशल प्रदान करना है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर