गुरुग्राम में अशोक सिंघल जी की जन्म शताब्दी वर्ष का भव्य शुभारंभ

 


-मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रहे मुख्य अतिथि, विहिप के केंद्रीय महामंत्री बजरंग लाल मुख्य वक्ता

गुरुग्राम, 27 सितंबर (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद हरियाणा द्वारा श्रद्धेय अशोक सिंघल जी के जन्म शताब्दी वर्ष के शुभारंभ अवसर पर रविवार को राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। गुरुग्राम विश्वविद्यालय सेक्टर-51 में भव्य कार्यक्रम में परिषद के कार्यकर्ताओं, संत समाज, सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता विहिप के केंद्रीय महामंत्री बजरंग लाल बागड़ा रहे, जबकि पावन सानिध्य आचार्य डॉ. लोकेश मुनि जी का रहा। गुरुग्राम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय कौशिक सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। अपने संबोधन में बजरंग लाल बागड़ा ने कहा कि अशोक सिंघल जी का जीवन संगठन, साधना, सांस्कृतिक स्वाभिमान और समाज-जागरण का उदाहरण रहा। उन्होंने सबको साथ लेकर संतों के आशीर्वाद से विहिप को नई दिशा दी और विभिन्न धर्म-संप्रदायों के संतों को एक मंच पर लाया। बजरंग लाल ने कहा कि सामाजिक उपेक्षा सहने के बावजूद जिन्होंने हिंदू धर्म नहीं छोड़ा, वे धर्मयोद्धा हैं। उन्होंने गौ-संरक्षण, वेद विज्ञान और राम जन्मभूमि आंदोलन में उनके योगदान का भी उल्लेख किया। उन्होंने गौ एवं वेद के विषय में अशोक सिंघल जी के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि गौ केवल दूध ही नहीं देती, बल्कि गौ माता से प्राप्त उत्पाद हिंदू समाज के उत्थान और गांव की गाय की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण हैं। गाय हमारी संस्कृति की रीढ़ है। इसी संदर्भ में नागपुर में गौ अनुसंधान केंद्र की स्थापना तथा विश्व हिंदू परिषद में गौ उत्पादों पर वैज्ञानिक रिसर्च और उत्पाद निर्माण के माध्यम से उनके महत्व को समाज और विश्व के सामने रखने के कार्य का उल्लेख किया गया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अशोक सिंघल जी को महामानव बताते हुए कहा कि वर्ष भर चलने वाले शताब्दी समारोह में युवाओं को संस्कृति से जोडऩे, पर्यावरण संरक्षण और सेवा कार्यों को केंद्र में रखकर कार्यक्रम किए जाएं। समारोह में क्षेत्र संगठन मंत्री नीरज धनोरिया, प्रांत संगठन मंत्री राधेश्याम, मंत्री राव नरबीर सिंह, मेयर राजरानी मल्होत्रा सहित संघ और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रांत मंत्री यशवंत शेखावत ने किया। इस अवसर पर प्रचार-प्रसार विभाग द्वारा अशोक सिंघल जी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई और डॉ. अश्विनी शर्मा की पुस्तक गीता ज्ञान का लोकार्पण भी किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर