भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने नूंह पहुंचकर नल्हड़ शिव मंदिर में किया जलाभिषेक
-गुरु रविदास मंदिर में भी टेका माथा
नूंह, 18 जून (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने गुरुवार को नूंह के नल्हड़ेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना करके प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। अपने स्वागत कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने पांडवकालीन नल्हड़ स्थित प्राचीन शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ के शिवलिंग के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान शिव से प्रदेशवासियों के सुखमय जीवन, उत्तम स्वास्थ्य, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि महादेव की कृपा सभी पर बनी रहे तथा प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का वास हो। उन्होंने कहा कि हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करती है तथा हमें अपने मूल्यों से जोडक़र रखती है। डा. अर्चना गुप्ता ने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के मंदिर में भी शीश नवाया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी के विचार और शिक्षाएं आज भी पूरे समाज को समानता, समरसता, मानवता और सामाजिक एकता का मार्ग दिखाती हैं। संत रविदास जी का जीवन सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर