गुरुग्राम: कोविड में मातृशक्ति को आत्मनिर्भर बनाने की सोच को लगे पंख

 


-जीतो के बैनर तले लगे उड़ान 2.0 ट्रेड फेयर में देशभर से प्रोडक्ट लेकर पहुंची महिलाएं

-अपैरल हाउस में शुरू हुआ दो दिवसीय ट्रेड फेयर

-कोविड में बिगड़े हालातों से पैदा हुई महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की सोच

-डीसीपी मुख्यालय अंशुल सिंगला जैन ने किया ट्रेड फेयर का शुभारंभ

गुरुग्राम, 01 अगस्त (हि.स.)। जैन इंटरनेशनल ट्रेडर्स ऑर्गेनाइजेशन (जीतो) की ओर से यहां सेक्टर-44 स्थित अपैरल हाउस में उड़ान 2.0 बी2सी ट्रेड फेयर आयोजित किया गया। बिगेस्ट लाइफ स्टाइल एगजीबीशन ऑफ गुरुग्राम नाम से इस ट्रेड फेयर के शुभारंभ के साथ ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। डीसीपी मुख्यालय अंशुल सिंगला जैन ने शनिवार को ट्रेड फेयर का शुभारंभ किया।

उड़ान 2.0 बी2सी ट्रेड फेयर में हर स्टॉल पर एक खास प्रोडक्ट नजर आया। सजावट का सामान, हाथ से पिसे, कुटे हुए मसाले, सौंदर्य प्रसाधन, साबुन, शैम्पू, लेडिज सूट, राखी, बच्चों के कपड़े समेत अनेक स्टॉल्स यहां महिलाओं की ओर से लगाए गए। मुख्य अतिथि डीसीपी मुख्यालय अंशुल सिंगला ने महिलाओं को हर समाज के लिए पे्ररणा स्रोत बनाया।

उन्होंने कहा कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में कम नहीं हैं। उद्योग, व्यापार के क्षेत्र में भी महिलाओं ने अपने आप को बेहतर साबित करके दिखाया है। जीतो के अध्यक्ष शैलेश जैन ने बताया कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए जीतो ने यह कदम उठाया है। यह दूसरे साल में एगजीबीशन लगी है। कोविड में देखा कि परिवारों से कमाने वालों का जीवन समाप्त हुआ। परिवारों की आर्थिक हालत काफी खराब हो गई। वहीं से यह ख्याल आया कि क्यों न जैन परिवारों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जाए, ताकि वे परिवार का सहारा बन सकें। धीरे-धीरे इस पर काम शुरू किया और अब काफी संख्या में जैन परिवारों की महिलाएं आगे बढ़ीं हैं। लगभग पूरे भारत से यहां पर महिलाएं पहुंची हैं। मुंबई, जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, आगरा, लुधियाना समेत अनेक बड़े शहरों से यहां पर महिलाएं अलग-अलग प्रोडक्ट लेकर पहुंची हैं।

जैन समाज के प्रवक्ता अभय जैन एडवोकेट ने जीतो के इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस के प्रयास और कार्य करना समय की जरूरत थी, जिसे जीतो ने समय पर समझा और इसकी शुरुआत की। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी से उत्पन्न चुनौतियों के जवाब में शुरू किया गया आत्मनिर्भर भारत अभियान ऐसी पहल है, जिसका उद्देश्य भारत को विभिन्न क्षेत्रों में आत्मनिर्भर बनाना है। सरकारी नीतियों को स्थानीय उद्योगों को समर्थन देने के लिये एक सक्षम वातावरण बनाने, वित्तीय प्रोत्साहन, कर छूट और बुनियादी ढांचे के विकास पर ध्यान केंद्रित करना चाहिये।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर