गुरुग्राम: अंतरिक्ष हाइट्स सोसायटी में पोल गिरने की घटना में मैनेजमेंट पर एफआईआर
-बास्केटबॉल पोल गिरने से युवक की रीढ़ में तीन फ्रेक्चर हुए
-रखरखाव में लापरवाही का आरोप, पुलिस ने की कार्रवाई
गुरुग्राम, 22 जुलाई (हि.स.)। यहां सेक्टर 84 स्थित अंतरिक्ष हाइट्स सोसायटी में भारी-भरकम बास्केटबॉल पोल गिर गया। हादसे में कार्तिक दलाल नाम के युवक की रीढ़ की हड्डी में तीन जगह फे्रक्चर हो गया है। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। बुधवार को पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने सोसायटी प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही बरतने की एफआईआर दर्ज की है।
सोसायटी के निवासियों का आरोप है कि खेल परिसर और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं* का रखरखाव लंबे समय से नहीं हो रहा था। उनका कहना है कि बास्केटबॉल पोल का आधार कमजोर हो चुका था और इसकी शिकायत पहले भी प्रबंधन से की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। निवासियों ने इसे मासूमों की जान से खिलवाड़ बताया। गनीमत रही कि हादसे के समय पोल के पास बच्चे नहीं खेल रहे थे, वरना बड़ी जनहानि हो सकती थी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा मानकों की अनदेखी और सार्वजनिक संपत्तियों के खराब रखरखाव के आरोप में सोसायटी प्रबंधन के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि मेंटेनेंस फंड मिलने के बावजूद सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक कैसे हुई। घटना के बाद सोसायटी में निवासियों में प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर