गुरुग्राम: नारी शक्ति सम्मान समारोह में बही काव्य की रसधार

 


कीर्ति काले ने अपनी शानदार प्रस्तुति से बांधा समां

गुरुग्राम, 29 मार्च (हि.स.)। अहं ब्रह्मास्मि नव उद्घोष फाउंडेशन संस्था के तत्वावधान में सेक्टर-45 स्थित एक निजी विद्यालय के सभागार में रविवार को नारी विषय पर केंद्रित-नारी शक्ति विशेष कार्यक्रम सम्मान समारोह तथा काव्य प्रस्तुति का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में अन्तर्राष्ट्रीय कवयित्री तथा सुप्रसिद्ध मंच संचालिका कीर्ति काले उपस्थित रहीं। सुप्रतिष्ठित साहित्यकार व हरियाणा साहित्य अकादमी की पूर्व निदेशक डॉ. मुक्ता ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। संस्था की संस्थापिका अध्यक्ष दीपशिखा श्रीवास्तव दीप के संयोजन में यह आयोजन हुआ।

सुप्रतिष्ठित साहित्यकार डॉ. सविता चड्ढा, सी.सी.ए. स्कूल की प्रधानाचार्या निर्मल यादव, द एस्टर्स स्कूल की प्रधानाचार्या उर्मिल यादव तथा गृह मंत्रालय की पूर्व वरिष्ठ उप-निदेशक नमिता राकेश की अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर तथा मां शारदे के चरणों में माल्यार्पण कर किया गया। तत्पश्चात् संस्था के महासचिव अंजलि श्रीवास्तव ने मां शारदे की सुमधुर वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम का विधिवत आरंभ किया। कार्यक्रम का शानदार संचालन संस्था के संरक्षक व अन्तर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कवि राजपाल यादव जी ने किया तथा कार्यक्रम का संपूर्ण आयोजन संस्था के कोषाध्यक्ष नीरज श्रीवास्तव तथा तकनीकी सहयोग द्विज श्रीवास्तव द्वारा किया गया। कार्यक्रम में गुरुग्राम के अतिरिक्त दिल्ली, नोएडा की चयनित कवयित्रियों, समाजसेवी व शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली नारी-शक्ति को वागीश्वरी, जगद्धात्री, नारायणी व कल्याणी सम्मान से तथा उपस्थित कवियों को साहित्य सारथि सम्मान से अलंकृत किया गया। उपस्थित कवयित्रियों व कवियों ने नारी विषयक बेहतरीन कविताओं द्वारा काव्य की अद्भुत रसधार प्रवाहित की। अंतर्राष्ट्रीय कवयित्री डॉ. कीर्ति काले की कविता ये हैं कॉन्फिडेंट लड़कियां, ये हैं कॉन्फिडेंट ने विशेष रूप से श्रोताओं को मंत्र मुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम में दीपशिखा श्रीवास्तव दीप, रेणु मिश्रा रतन, प्रीति पाठक, रजनी शर्मा, प्रीति मिश्रा, सविता स्याल, मोनिका शर्मा, कृष्णा जैमिनी, अंजू क्वात्रा, अंजू सिंह, पराग शर्मा, लोकेश चौधरी, चांदनी केसरवानी, प्रेमलता चौधरी, सुरक्षा खुराना, डॉ. कृष्णा कुमारी आर्या, डॉली अग्रवाल, मनोरमा, नीना गुप्ता तथा सुमन नागर आदि कवयित्रियों ने नारी विषयक शानदार कविताओं की प्रस्तुतियां दीं। वहीं कवियों में संस्था के संरक्षक राजपाल यादव, विमलेंदु सागर, विनय कुमार, डॉ. विजय नागपाल, सुजीत कुमार, सुरेंद्र मनचंदा आदि ने भी अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियां दी। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में मीनाक्षी रंजन, मीनाक्षी सक्सेना, डॉ. रश्मि अग्रवाल तथा नीरा बख्शी को उनके उत्कृष्ट कार्यो के लिए कल्याणी सम्मान से अलंकृत किया गया। संस्था की महासचिव रेणु मिश्रा रतन ने कार्यक्रम के अंत में सबका धन्यवाद ज्ञापन किया तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर