गुरुग्राम: द्वारका एक्सप्रेस-वे पर चार युवकों को कार ने कुचला, दो की मौत

 

दो मजदूर और कार चालक गंभीर रूप से घायल

गुरुग्राम, 17 सितंबर (हि.स.)। द्वारका एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। श्रीराम चौक के पास डिवाइडर पर लोहे की ग्रील लगा रहे चार मजदूर युवकों को कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक और कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बेकाबू होकर ग्रीन बेल्ट में जा घुसी और इसके बाद रेलिंग से टकराकर रुक गई।

मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर निवासी बिजेंद्र और पप्पू के रूप में हुई है। वहीं सतीश चंद और राम कुमार गंभीर रूप से घायल हुए हैं। कार चालक की पहचान गुरुग्राम के इंडिया बुल्स एनिग्मा, सेक्टर-110 निवासी 20 वर्षीय वेदान्त खन्ना के रूप में हुई है। वह दिल्ली विश्वविद्यालय का छात्र बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, श्रीराम चौक के पास एक्सप्रेसवे के डिवाइडर को सुरक्षित करने के लिए लोहे की ग्रील लगाने का काम चल रहा था। चारों युवक इसी काम में जुटे थे। ग्रील लगाने के बाद बिजेंद्र और पप्पू उसके पेच कस रहे थे, जबकि सतीश और राम कुमार ग्रील को पकड़कर खड़े थे। इसी दौरान दिल्ली की ओर से आई तेज रफ्तार कार ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी।

कार को अपनी ओर आता देखकर सतीश और राम कुमार ने जान बचाने के लिए ग्रीन बेल्ट की ओर छलांग लगा दी, लेकिन कार की रफ्तार इतनी अधिक थी कि वह ग्रीन बेल्ट में भी जा घुसी और दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद कार रेलिंग से जा टकराई। हादसे में चालक वेदान्त भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर चल रहे डिवाइडर सेफ्टी कार्य में सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। आसपास के लोगों के अनुसार, काम वाली जगह पर पर्याप्त बैरिकेडिंग और रिफ्लेक्टिव साइन बोर्ड नहीं लगाए गए थे। सूचना मिलते ही बजघेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिए हैं। मृतकों और घायलों के स्वजन को सूचना दे दी गई है। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार के कारण हादसा होना सामने आया है। हादसे की विस्तृत जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर