गुरुग्राम: सडक़ हादसे में घायलों के लिए देवदूत बनें यातायात पुलिस के जवान
-पुलिसकर्मियों ने फरार बस चालक को भी दबोचा
-सोहना हाईवे पर बस ने दो युवकों को मारी टक्कर, चालक भागा
गुरुग्राम, 07 नवंबर (हि.स.)। सोहना हाईवे पर हुए सडक़ हादसे में गुरुग्राम यातायात पुलिस के जवानों ने मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए घायलों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। पुलिसकर्मियों ने न केवल दोनों घायल युवकों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार सुनिश्चित कराया, बल्कि हादसे के बाद मौके से फरार हुए बस चालक का पीछा कर उसे पकड़ भी लिया।
पुलिस के अनुसार, कल सोहना हाईवे पर एक बस चालक ने दो युवकों को टक्कर मार दी और हादसे के बाद बस लेकर मौके से फरार हो गया। इसी दौरान जोनल अधिकारी टिकरी कट एएसआई वेदपाल, महिला कांस्टेबल पूजा, कांस्टेबल राजकुमार, कांस्टेबल अजय तथा राइडर पर तैनात कांस्टेबल पंकज को घटना की जानकारी मिली। पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों घायल युवकों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया, ताकि उन्हें समय पर चिकित्सा सहायता मिल सके। इसके साथ ही पुलिसकर्मियों ने फरार बस चालक का पीछा किया और तत्परता दिखाते हुए उसे राजीव चौक के नजदीक पकड़ लिया। इस प्रकार यातायात पुलिसकर्मियों ने एक ओर घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर मानवीय कर्तव्य निभाया, वहीं दूसरी ओर फरार चालक को पकडक़र कानून के दायरे में लाने में भी अहम भूमिका निभाई।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शनिवार को बताया कि इस मामले में घायल व्यक्ति के भाई की शिकायत पर थाना सदर में केस दर्ज किया गया है। आरोपी चालक को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। गुरुग्राम यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सडक़ हादसे में घायल व्यक्ति की मदद के लिए तत्काल आगे आएं और पुलिस एवं आपातकालीन सेवाओं को सूचना दें। हादसे के बाद मौके से भागना जिम्मेदारी से बचना नहीं, बल्कि कानूनी कार्रवाई को आमंत्रित करना है। सडक़ पर हर जीवन अनमोल है और संकट के समय की गई त्वरित मदद किसी के परिवार की उम्मीद बचा सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर