गुरुग्राम: तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत

 

-पीडि़त को गुरुग्राम से दिल्ली एम्स किया गया था रेफर

गुरुग्राम, 22 जून (हि.स.)। सेक्टर-10 थाना क्षेत्र में कादीपुर चौक पर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से घायल हुए स्कूटी सवार की दिल्ली एम्स में मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस की ओर से बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया जा चुका है।

14 जून 2026 को कादीपुर चौक पर हुए हादसे में बुरी तरह से घायल हुए शिवम के भाई लविश ने बताया कि उसका भाई शिवम कादीपुर चौक पर स्कूटी से गुजर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सवार ने लापरवाही से चलाते हुए स्कूटी को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में शिवम को गंभीर चोटें आईं और राहगीरों ने उसे सिविल अस्पताल सेक्टर-10 पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने शिवम की हालत गंभीर देखते हुए दिल्ली के एम्स रेफर कर दिया, जहां वह आईसीयू में भर्ती रहा। इस घटना की सूचना मिलने पर हेड कांस्टेबल दीपक पुलिस टीम के साथ सिविल अस्पताल गुरुग्राम पहुंचे। 15 जून को दिल्ली एम्स में भी डॉक्टरों ने शिवम को बयान के लिए अनफिट बताया।

शिकायतकर्ता लविश के बयान और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। हेड कांस्टेबल दीपक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। एफआईआर की प्रतियां उच्च अधिकारियों और इलाके के मजिस्ट्रेट को भेज दी गई है। पुलिस की ओर से बाइक नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। इस दुर्घटना में घायल शिवम की दिल्ली एम्स में मौत हो गई है। परिजनों ने पुलिस से गुहार लगाई है कि आरोपी बाइक सवार की गिरफ्तार करके कड़ी सजा दिलाई जाए। इस बारे में जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल दीपक से सोमवार को बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो पाई।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर