गुरुग्राम: अस्पताल में भर्ती मां को खाना देने जा रहे युवक की ट्रक तले आकर मौत
बाइक सवार युवक को काफी दूर तक घसीटता ले गया ट्रक
गुरुग्राम, 17 मार्च (हि.स.)। अस्पताल में भर्ती अपनी मां को खाना देने जा रहे युवक की ट्रक से टक्कर होने पर मौत हो गई। वह बाइक पर सवार होकर जा रहा था। तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने मंगलवार को बताया कि पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गुरुग्राम-फर्रुखनगर मार्ग पर बाईपास के निकट मिक्सर ट्रक को ड्राइवर तेज गति से लेकर जा रहा था। इसी बीच एक युवक एसजीटी अस्पताल में भर्ती अपनी मां को बाइक पर खाना देने जा रहा था। इसी दौरान ट्रक की बाइक से टक्कर हो गई। युवक ट्रक के नीचे फंस गया। कुछ दूरी तक ट्रक युवक को घसीटता हुआ ले गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना की सूचना मिलते पर पुलिस की ईआरवी टीम मौके पर पहुंची। इससे पहले ही युवक को कुछ लोगों द्वारा अस्पताल ले जाया जा चुका था। पुलिस ने मौके से टूटी बाइक व ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। ट्रक का चालक मौके से फरार हो चुका था। मृतक युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिला के पहाड़पुर गांव निवासी गौरव के रूप में हुई है। वह फर्रुखनगर की बालाजी कालोनी में रहता था। युवक के जीजा झज्जर के कुतानी गांव निवासी सुनील कुमार इस घटना की सूचना पाकर पुलिस थाना पहुंचे। उन्होंने शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर