गुरुग्राम: धार्मिक स्थानों को लूट रही है बीजेपी: अभय चौटाला
गुरुग्राम में बाबा बालक नाथ मंदिर तोड़े जाने कि करी निंदा
गुरुग्राम, 21 सितंबर (हि.स.)।सेक्टर-50 स्थित बाबा बालक नाथ की समाधि और मंदिर को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा तोड़े जाने के मामले में इनेलो के वरिष्ठ नेता अभय सिंह चौटाला झाड़सा पहुंचे। उन्होंने मंदिर परिसर का दौरा कर ग्रामीणों से बातचीत की। इस कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए अभय चौटाला ने आरोप लगाया कि सरकार ने एक बिल्डर के साथ मिलकर इस धार्मिक स्थल और गौशाला को नुकसान पहुंचाया है। मंदिर से गौवंश, दानपात्र की राशि और मूर्तियां तक हटा दी गई हैं।
अभय चौटाला ने मांग की कि इस मामले में शामिल अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तुरंत केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से दोषियों की पहचान करना बेहद आसान है, लेकिन यह सब सरकार में बैठे लोगों के इशारे पर हुआ है।
उन्होंने राजस्थान के विधायक महंत बालक नाथ को भी सलाह देते हुए कहा कि उन्हें सरकार से बातचीत करने की बजाय धर्म और आस्था की रक्षा के लिए आर-पार की लड़ाई लड़नी चाहिए। उन्होंने कहा कि किया कि स्थानीय ग्रामीणों ने इस मुद्दे पर महापंचायत बुलाई है और पंचायत जो भी फैसला लेगी, इनेलो पूरी तरह से उनके साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि यह स्थान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे गांव और आसपास के लोगों की आस्था का केंद्र था, जहां हर साल मेले और धार्मिक आयोजन होते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर