गुरुग्राम: नौ लाख रुपये का चालान था बकाया, पुलिस ने पिकअप को किया जब्त

 


-गुरुग्राम यातायात पुलिस का यह संभवत: सबसे अधिक चालान बकाया

गुरुग्राम, 02 जून (हि.स.)। स्थानीय यातायात पुलिस ने मंगलवार को एक ऐसी पिकअप गाड़ी को जब्त किया, जिस पर नौ लाख 12 हजार रुपये की चालान राशि बकाया था। माना जा रहा है कि चालान की यह राशि संभवत: गुरुग्राम यातायात पुलिस द्वारा काटे गए चालानों की राशि में सबसे अधिक है।

गुरुग्राम यातायात पुलिस द्वारा यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इस दौरान 90 दिनों से अधिक समय से लंबित चालानों का भुगतान न करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को यातायात पुलिस गुरुग्राम द्वारा विशेष चैकिंग अभियान के दौरान जोनल अधिकारी सेक्टर 41-45 चौक सहायक पुलिस निरीक्षक (एएसआई) महाबीर ने अपनी टीम के साथ एक पिकअप वाहन को चेकिंग के लिए रुकवाया। चेकिंग के दौरान पिकअप वाहन पर विभिन्न धाराओं के तहत कुल 52 चालान लंबित पाए गए। इन लंबित चालानों में मुख्य रूप से नो-एंट्री, खतरनाक ड्राइविंग, लेन चेंज व अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन से संबंधित चालान शामिल थे। वाहन पर लंबित चालानों की कुल जुर्माना राशि नौ लाख 12 हजार रुपये पाई गई। त्वरित कार्यवाही करते हुए यातायात पुलिस गुरुग्राम द्वारा 90 दिनों से अधिक समय से लंबित चालानों की जुर्माना राशि का भुगतान न किए जाने के कारण पिकअप वाहन को इंपाउंड कर निर्धारित पार्किंग में खड़ा कराया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर