गुरुग्राम: देश को आर्थिक प्रगति देने वाले प्रमुख राज्यों में हरियाणा की भी भूमिका: डा. कृष्ण लाल मिड्ढा

 






-स्वतंत्रता दिवस की थीम युवा शक्ति युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को करती है रेखांकित

-हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर गुरुग्राम में किया ध्वजारोहण

गुरुग्राम, 15 अगस्त (हि.स.)। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में जिला स्तरीय समारोह में हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृृष्ण लाल मिड्ढा ने ध्वजारोहण किया। तत्पश्चात परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्र गीत के साथ हुई। जिला स्तरीय समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत कर अनोखी छटा बिखेरी।

विकसित भारत की संकल्पना के साथ आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में तीन हजार से अधिक स्कूलीं बच्चों का उत्साह देखने लायक था। उपायुक्त उत्तम सिंह तथा पुलिस कमिश्नर शिवास कविराज ने मुख्य अतिथि का जिला स्तरीय समारोह में पहुंचने पर स्वागत किया। डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने अपने संबोधन में गुरुग्राम जिलावासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि हरियाणा देश की आर्थिक प्रगति को गति देने वाले प्रमुख राज्यों में अपनी भूमिका लगातार मजबूत कर रहा है। विकसित भारत के साथ विकसित हरियाणा के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार का लक्ष्य केवल आर्थिक विकास की गति को बढ़ाना नहीं, बल्कि ऐसा समावेशी और संतुलित विकास सुनिश्चित करना है, जिसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और हरियाणा के प्रत्येक वर्ग को प्रगति के अवसर मिलें। उन्होंने कहा कि हरियाणा आज उद्योग, कृषि, सेवा क्षेत्र, निवेश, बुनियादी ढांचे और रोजगार के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। राज्य की मजबूत आर्थिक स्थिति देश की समग्र अर्थव्यवस्था में हरियाणा के बढ़ते योगदान को दर्शाती है। वर्ष 2026-27 में हरियाणा का सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) लगभग 15.18 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 11 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है। यह आर्थिक वृद्धि हरियाणा की मजबूत विकास क्षमता और राज्य में बन रहे अनुकूल कारोबारी एवं निवेश वातावरण का प्रमाण है।मिड्ढा ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बताए गए विकसित भारत के चार प्रमुख स्तंभों-युवा, अन्नदाता, नारी शक्ति और गरीब को सशक्त बनाते हुए विकसित हरियाणा के संकल्प को निरंतर आगे बढ़ा रही है। प्रदेश सरकार की विकास नीति के केंद्र में समाज का प्रत्येक वर्ग है। उपाध्यक्ष मिड्ढा ने कहा इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस की थीम युवा शक्ति-विकसित भारत 2047 की यात्रा का नेतृत्व रखी गई है, जो विकसित भारत के निर्माण में देश के युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करती है। हरियाणा सरकार द्वारा भी युवाओं की क्षमता, प्रतिभा और ऊर्जा का सदुपयोग तथा उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखते हुए शिक्षा, कौशल, रोजगार, खेल तथा स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढऩे के अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं, ताकि प्रदेश के युवा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में प्रभावी योगदान दे सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर