गुरुग्राम: स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से मिली आजादी काे मजबूत करना हमारा दायित्व: डॉ. अर्चना गुप्ता
भाजपा हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने गुरु कमल में किया ध्वजारोहण
-प्रदेश अध्यक्ष ने स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन
गुरुग्राम, 15 अगस्त (हि.स.)। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता ने गुरुग्राम जिला कार्यालय गुरु कमल में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देश की आन-बान-शान के प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को नमन किया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान के साथ पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से गुंजायमान हो उठा। भाजपा गुरुग्राम जिला कार्यालय गुरु कमल में पंहुचने पर गुरुग्राम जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने जिला संगठन पदाधिकारियों के साथ प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के पावन अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप में सिलवर मेडल जीतकर हरियाणा प्रदेश एवं देश का सम्मान बढ़ाने वाली सुखराली गांव की बेटी निकिता सहरावत का सम्मान किया।
ध्वजारोहण के उपरांत प्रदेश अध्यक्षा डॉ. अर्चना गुप्ता ने उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारत की स्वतंत्रता असंख्य वीरों के त्याग, तपस्या, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि भारत की अस्मिता, स्वाभिमान, एकता और अखंडता का प्रतीक है। देश की आजादी को अक्षुण्ण रखना और भारत को निरंतर विकास, समृद्धि एवं आत्मनिर्भरता के पथ पर आगे बढ़ाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि आज का भारत आत्मविश्वास से भरा हुआ भारत है। देश के प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण के इस यज्ञ में अपनी भूमिका सुनिश्चित करनी चाहिए। हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों को भी समझना होगा। राष्ट्रधर्म सर्वोपरि है और भारत की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा हम सभी का सामूहिक संकल्प होना चाहिए।
भारत आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है: फणींद्रनाथ शर्मा
भाजपा हरियाणा प्रदेश संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा ने कहा कि 15 अगस्त केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि उन असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों, वीर जवानों और राष्ट्रभक्तों के त्याग, तपस्या और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है, जिनके संघर्ष के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि तिरंगा भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह हमें राष्ट्र की एकता, अखंडता, संप्रभुता और गौरव के लिए सदैव समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। हमें स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों के भारत के निर्माण के लिए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। कार्यक्रम में जिला महामंत्री अजीत यादव, मनीष सैदपुर, पूर्व मेयर मधु आजाद, हर घर तिरंगा अभियान के जिला संयोजक कुलदीप यादव, सभी जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी एवं सभी कार्यकर्ता उपस्थित रहें।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर