गुरुग्राम: सड़क हादसे में दो पुलिसकर्मियों की मौत, एक गंभीर घायल

 






गश्त पर जा रही ईआरवी टैंकर से टकराई

रिफ्लेक्टर न होने से हुआ हादसा, टैंकर ड्राइवर पर केस

गुरुग्राम, 14 जुलाई (हि.स.)। रात्रि गश्त के दौरान हुए भीषण सड़क हादसे में दो पुलिसकर्मियों की दर्दनाक मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा फर्रुखनगर के खेड़ा खुर्रमपुर गांव के पास हुआ। जानकारी के अनुसार ईआरवी गाड़ी नंबर-254 सोमवार रात करीब 11 बजे हरिनगर डूमा एरिया में गश्त कर रही थी। इसी दौरान कंट्रोल रूम से फर्रुखनगर में झगड़े की सूचना मिली। सूचना मिलते ही हेड कॉन्स्टेबल छोटेलाल, हेड कांस्टेबल अनिल और कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र फर्रुखनगर की ओर रवाना हुए।

खेड़ा खुर्रमपुर में सवेरा कॉलेज के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार ईआरवी पीछे से पानी के टैंकर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ईआरवी के परखच्चे उड़ गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि टैंकर ट्रैक्टर से जुड़ा खड़ा था। उस पर कोई लाइट या रिफ्लेक्टर नहीं लगा था। जिस कारण पीछे से आ रही ईआरवी के ड्राइवर को टैंकर दिखाई नहीं दिया।

हादसे के बाद तीनों पुलिसकर्मी गाड़ी के अंदर फंस गए। आसपास के लोगों ने गाड़ी के पार्ट्स तोड़कर उन्हें बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय अस्पताल में डॉक्टरों ने हेड कांस्टेबल छोटेलाल और हेड कॉन्स्टेबल अनिल को मृत घोषित कर दिया। कांस्टेबल धर्मेंद्र को प्राथमिक इलाज के बाद मेदांता अस्पताल रेफर किया गया है। उनकी हालत अभी गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने दोनों मृतक हेड कांस्टेबल के शव सिविल अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवा दिए हैं। मंगलवार को दोनों के शवों का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। पुलिस ने टैंकर ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर