गुरुग्राम में 19वीं मंजिल से दो श्रमिक गिरे, एक की मौत दूसरा घायल

 

-हादसे से गुस्साए साथियों ने कंपनी अधिकारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

गुरुग्राम, 19 सितंबर (हि.स.)। यहां सेक्टर-113 में एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में बड़ा हादसा हो गया। शनिवार को निर्माण कार्य के दौरान दो युवक 19वीं मंजिल से नीचे गिर गए। इस हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा बीच के फ्लोर में अटकने से गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कंस्ट्रक्शन साइट पर जमकर हंगामा हुआ। गुस्साए साथियों ने मौके पर कंपनी के अधिकारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।

मृतक की पहचान बिहार के कटिहार निवासी दिलखुश (19) के रूप में हुई है। वहीं घायल मजदूर वासुदेव पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। दोनों सेक्टर-113 में एम3एम बिल्डर के स्मार्टवल्र्ड प्रोजेक्ट में लेबर का काम करते थे।

जानकारी के मुताबिक शनिवार को रोजाना की तरह निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान 19वीं मंजिल पर काम कर रहे दो मजदूर अचानक नीचे गिर गए। मजदूरों का आरोप है कि साइट पर सुरक्षा मानकों की पूरी तरह अनदेखी की जा रही है। ऊंचाई पर काम करने वाले श्रमिकों को जरूरी सुरक्षा उपकरण जैसे सेफ्टी बेल्ट, हार्नेस आदि उपलब्ध नहीं कराए गए थे, जिस कारण यह हादसा हुआ। कंपनी अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक जांच में हादसा पैर फिसलने से हुआ लगता है। हादसे से आक्रोशित साथी मजदूरों ने काम बंद कर दिया और मौके पर समझाने आए कंपनी प्रबंधन के अधिकारियों को बंधक बना लिया। देखते ही देखते बात हाथापाई तक पहुंच गई। गुस्साए मजदूरों ने अधिकारियों को घेरकर पीटना शुरू कर दिया और साइट पर दौड़ा-दौड़ाकर डंडे बरसाए। जब अधिकारी जान बचाकर भागने लगे तो मजदूरों ने उन पर सेफ्टी हेलमेट फेंकना शुरू कर दिया। हंगामे और घटना की सूचना पर बजघेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसएचओ सुनील ने गुस्साए मजदूरों को समझाकर शांत कराया और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। थाना प्रभारी सुनील ने बताया कि मामले में अभी किसी भी पक्ष की तरफ से लिखित शिकायत नहीं मिली है। फिलहाल पुलिस इसे हादसा मानकर कार्रवाई कर रही है। पुलिस जांच कर रही है कि हादसे के वक्त साइट पर श्रमिकों की सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम थे और कहीं कोई लापरवाही तो नहीं बरती गई।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर