यमुनानगर: गुरुद्वारा किला लोहगढ़ साहिब में योग शिविर पर विवाद

 


यमुनानगर, 30 जून (हि.स.) यमुनानगर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गुरुद्वारा किला लोहगढ़ साहिब परिसर में आयोजित योग शिविर को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सिख संगत ने गुरुद्वारा परिसर में योग कार्यक्रम आयोजित किए जाने पर आपत्ति जताते हुए इसे धार्मिक मर्यादाओं के विपरीत बताया है।

मंगलवार को सिख समाज के प्रतिनिधियों ने जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर जिले के सभी गुरुद्वारों में गैर-धार्मिक गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की।

उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी भी गुरुद्वारा परिसर में इस प्रकार के कार्यक्रम न तो जानबूझकर और न ही अनजाने में आयोजित किए जाने चाहिए। संगत का कहना है कि गुरुद्वारा परिसर केवल धार्मिक गतिविधियों के लिए निर्धारित होते हैं और वहां योग जैसे कार्यक्रमों का आयोजन सिख परंपराओं के अनुरूप नहीं है। इससे श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत होती हैं। भारतीय किसान यूनियन के प्रतिनिधि मनदीप रोड छप्पर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर गुरुद्वारा किला लोहगढ़ साहिब में योग शिविर आयोजित किया जाना सिख समाज की भावनाओं के विपरीत है। उन्होंने कहा कि सिखों की सर्वोच्च धार्मिक संस्था श्री अकाल तख्त साहिब पहले ही गुरुद्वारों में गैर-धार्मिक गतिविधियों, जिनमें योग भी शामिल है, पर रोक संबंधी निर्देश जारी कर चुकी है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जिले के सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं ताकि भविष्य में किसी भी गुरुद्वारा परिसर में इस प्रकार की गतिविधियां न हों। साथ ही चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोहराई गईं तो उसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। सिख संगत ने बताया कि इससे पहले भी इस मुद्दे पर गुरुद्वारा परिसर में महापंचायत के माध्यम से विरोध दर्ज कराया गया था, लेकिन समाधान न होने के कारण अब दोबारा ज्ञापन सौंपकर प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार