गुरु साहिबान की शिक्षाएं समाज को एकता, सेवा और सद्भाव का संदेश देती हैं: नायब सिंह सैनी

 


मुख्यमंत्री ने वार्षिक जोड़ मेले में की शिरकत

चंडीगढ़, 21 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी महाराज ने पूरी मानवता को 'किरत करो, नाम जपो और वंड छको' का अनमोल संदेश दिया है। उनके बड़े साहिबजादे बाबा श्री चंद जी महाराज ने त्याग और साधना का मार्ग अपनाकर समाज को आध्यात्मिक दिशा प्रदान की। गुरु साहिबान की शिक्षाएं आज भी पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और गुरु साहिबान की शिक्षाओं से जोड़ना हम सभी का दायित्व है क्योंकि जो समाज अपने इतिहास को जानता है, वही अपने भविष्य का निर्माण कर सकता है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को कुरुक्षेत्र के लाडवा में उदासीन श्री ब्रहम् अखाड़ा साहिब मांडी में बाबा श्री चन्द महाराज के 532वें प्रकाश उत्सव पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के दौर में जब समाज अनेक चुनौतियों से गुजर रहा है और मनुष्य भौतिकता की दौड़ में उलझा हुआ है, ऐसे समय में गुरु साहिबान की शिक्षाओं को आत्मसात करना पहले से कहीं अधिक जरूरी हो गया है। श्री गुरु नानक देव जी ने पूरी मानवता को एक ओंकार का संदेश दिया, जबकि श्री गुरु तेग बहादुर जी ने दूसरे धर्म की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। इन महान गुरुओं का जीवन हमें सिखाता है कि सत्य, सेवा और सहनशीलता ही समाज को एकजुट रखने के आधार हैं।

मुख्यमंत्री ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब की हजूरी में पहुंच कर माथा टेका। उदासीन श्री ब्रहम अखाड़ा साहिब के संस्थापक बाबा गुरविन्दर सिंह महाराज ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा को सरोपा पहनाकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने मानवता के महान सेवक बाबा श्री चन्द महाराज के 532वें प्रकाश उत्सव की सबको हार्दिक बधाई दी और बाबा श्री चन्द महाराज के चरणों में श्रद्धापूर्वक नमन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा