ग्रुप-सी अभ्यार्थियों को राहत, जल्द जारी होगा बायोमेट्रिक शेड्यूल

 

चंडीगढ़, 17 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने ग्रुप-सी के उन अभ्यार्थियों को बड़ी राहत दी है, जिनकी बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी नहीं हुई थी। आयोग जल्द ही बायोमेट्रिक वेरीफिकेशन का शेड्यूल जारी करेगा।

आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने सोशल मीडिया पर जानकारी पर साझा की कि जिन अभ्यार्थियों की बायोमेट्रिक वेरीफिकेशन नहीं हुई है, ऐसे सभी अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक प्रक्रिया पीएमटीसाइट के गेट नंबर 3 पर आयोजित की जाएगी। आयोग जल्द ही इसकी तिथि और समय से संबंधित विस्तृत कार्यक्रम जारी करेगा, जिससे प्रभावित उम्मीदवारों को अपनी प्रक्रिया पूरी करने का अवसर मिल सके।

आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे किसी भी अपडेट के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें, ताकि उन्हें शेड्यूल से जुड़ी कोई भी महत्वपूर्ण सूचना समय पर मिल सके। आयोग का यह फैसला उन उम्मीदवारों के लिए बड़ा राहत भरा है, जिनकी तकनीकी या अन्य कारणों से बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई थी। आयोग की इस पहल से परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने में मदद मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा