ग्रुप डी में सीईटी के लिए 13 लाख युवाओं ने किया आवेदन
चंडीगढ़, 05 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा ग्रुप डी के लिए आयोजित किए जाने वाले कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (सीईटी) के लिए रविवार शाम तक 13 लाख से अधिक युवाओं द्वारा आवेदन किया जा चुका है। इस आवेदन का वास्तविक आंकड़ा सोमवार को जारी किया जाएगा।
सीईटी के लिए आवेदन प्रक्रिया 19 जून से शुरू हुई थी। पहले ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि तीन जुलाई की रात 11.59 बजे तक रखी गई थी। इसके बाद आयोग की तरफ से आवेदन की अवधि को दो दिन के लिए बढ़ाकर पांच जुलाई रात 11 बजकर 59 मिनट कर दिया गया।
रविवार को आयोग मे चेयरमैन हिम्मत सिंह ने सोशल मीडिया एक्स पर बताया कि आज शाम तक कुल 15 लाख 65 हजार 178 अभ्यर्थियों ने ग्रुप डी सीईटी के लिए आवेदन किया है। इनमें से 13 लाख 94 हजार 723 युवा सभी औपचारिकताएं पूरी करके फाइनल सब्मिट कर चुके हैं। आयोग के चेयरमैन ने बताया कि रविवार शाम पांच बजे तक एक लाख 70 हजार 455 युवाओं द्वारा फाइनल सब्मिट नहीं किया गया था।
ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभ्यार्थी 8 जुलाई रात 11 बजकर 59 मिनट तक अपनी फीस जमा करवा सकते हैं। एप्लीकेशन फार्म में सुधार और संपादन के लिए 9 से 11 जुलाई रात 11 बजकर 59 मिनट तक का समय दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा