हिसार : महापुरुष किसी एक समाज के नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र की धरोहर : डॉ. विजय कुमार
छोटूराम के जीवन-संघर्ष से रूबरू हुए गुजविप्रौवि के विद्यार्थी, एआई वेब सीरीज
की हुई स्क्रीनिंग
हिसार, 16 सितंबर (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय
के चौधरी रणबीर सिंह सभागार में रहबरे आजम जननायक किसान-मजदूर नेता दीनबंधु चौधरी छोटूराम
जी के जीवन और संघर्ष पर आधारित एआई वेब सीरीज दीनबंधु चौधरी छोटूराम जी की विशेष स्क्रीनिंग
का आयोजन बुधवार काे किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डा. विजय कुमार मुख्यातिथि
रहे। कार्यक्रम का आयोजन कुलपति प्रो. विजय कुमार के निर्देशन में तथा छात्र कल्याण
अधिष्ठाता प्रो. मुकेश कुमार शर्मा के संयोजन में हुआ।
मुख्यातिथि डा. विजय कुमार ने कहा कि महापुरुष किसी एक समाज के नहीं, बल्कि
पूरे समाज और राष्ट्र के होते हैं। समाज व राष्ट्र की भलाई के लिए महापुरुषों को कठिन
जीवन जीना पड़ता है। दीनबंधु चौधरी छोटूराम जी ने किसानों, मजदूरों और समाज में व्याप्त
बुराइयों के खिलाफ जीवनभर संघर्ष किया। उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। युवाओं
को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र और समाज के हित में कार्य करना चाहिए।
अंतरराष्ट्रीय जाट पार्लियामेंट के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनु चौधरी ने कहा कि
दीनबंधु चौधरी छोटूराम जी ने किसान-मजदूरों को अपने हकों के लिए आवाज उठाना सिखाया।
उन्होंने युवाओं से देशभक्ति की भावना को हमेशा कायम रखने का आह्वान किया।
फिल्म निर्माता-निर्देशक रमेश चहल ने कहा कि यह वेब सीरीज युवाओं को दीनबंधु
चौधरी छोटूराम जी के संघर्ष के साथ उनके जीवन के कई अनछुए पहलुओं से भी परिचित कराएगी।
हरियाणवी लोक कलाकार राम मेहर महला, प्रोक्टर प्रो. ओम प्रकाश सांगवान सहित सीरीज से
जुड़े कलाकार, प्रस्तुतकर्ता और अन्य हस्तियां भी मौजूद रहीं।
छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. मुकेश कुमार शर्मा ने कहा कि खचाखच भरे सभागार
में विद्यार्थियों ने शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में वेब सीरीज देखी। उन्होंने
विद्यार्थियों की सहभागिता के लिए बधाई दी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर