राेहतक: कॉमनवेल्थ में कांस्य जीतने वाले यशवीर का जोरदार अभिनंदन
85.47 मीटर भाला फेंककर रचा इतिहास, पहले ही अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में पदक जीतकर बढ़ाया देश व प्रदेश का गौरव
रोहतक, 03 अगस्त (हि.स.)। कॉमनवेल्थ गेम्स में भाला फेंक स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाले एथलीट यशवीर का साेमवार काे शहर में जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। भिवानी जिले के देवसर गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने वाले यशवीर के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और गणमान्य लोग पहुंचे। भाजपा जिलाध्यक्ष रणबीर ढाका सहित अन्य लोगों ने यशवीर को नोटों की माला पहनाकर सम्मानित किया और उनकी शानदार उपलब्धि पर बधाई दी।
सम्मान समारोह में यशवीर ने कहा कि उनके लिए यह बेहद खुशी और गर्व का क्षण है कि पहले ही अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में देश के लिए पदक जीतने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि इस सफलता के पीछे लगातार मेहनत, अभ्यास और परिवार तथा प्रशिक्षकों का सहयोग है, उनका लक्ष्य आने वाले वर्षों में देश के लिए बड़े अंतरराष्ट्रीय पदक जीतना है। यशवीर ने कहा कि अब उनका अगला लक्ष्य अगले साल होने वाली वर्ल्ड चौंपियनशिप है। इसके लिए वह अभी से अपनी तैयारियों को और मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मुकाबला बेहद कड़ा है और छोटी-सी कमी भी पदक का रंग बदल सकती है। 2028 में होने वाले ओलंपिक खेलों के लिए भी वह अभी से तैयारी शुरू करेंगे। उनका सपना है कि ओलंपिक के मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करते हुए भारत के लिए र्स्वण पदक जीता जाए। यशवीर के प्रदर्शन की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि वह भाला फेंक स्पर्धा में स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा से महज 0.36 मीटर यानी 36 सेंटीमीटर के अंतर से पीछे रहे।
----------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल