पानीपत: मार्किट कमेटी का सर्वर डाउन होने से अनाज मंडियों में ट्रैक्टर ट्रालीयों की लगी कतारें
पानीपत, 13 अप्रैल (हि.स.)। पानीपत जिले की अनाज मंडियों में सर्वर डाउन होने से खरीद प्रक्रिया बाधित हो रही है। सरकार द्वारा नए कर्मचारियों को मंडी में तैनात किए जाने के बाद से यह समस्या बढ़ गई है। सर्वर बार-बार बंद होने से किसानों और अधिकारियों दोनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बता दे कि सोमवार सुबह से ही पानीपत अनाज मंडी में सर्वर डाउन हो गया। शाम तक भी स्थिति ज्यों की त्यों बनी रही। दूसरी ओर इसराना अनाज मंडी में भी यही स्थिति बनी रही और अनाज मंडियों में गेहूं से भरी ट्रैक्टर-ट्रालीयों की लंबी लाइन लगी रही, दोपहर बाद एसडीएम नवदीप सिंह नैन मौके पर पहुंचे और सर्वर को अपडेट कर उसे चालू करवाया। इसराना में सर्वर चालू करवाने के बाद एसडीएम नवदीप सिंह नैन नोडल अधिकारी विवेक चौधरी के साथ मतलौड़ा अनाज मंडी पहुंचे। वहां निरीक्षण के दौरान सर्वर फिर से डाउन हो गया।
अधिकारियों ने इसे चालू करने के कई प्रयास किए, लेकिन सर्वर शुरू नहीं हो पाया। इससे मंडी के बाहर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी कतारें लग गईं। मतलौड़ा मंडी में सर्वर चालू न होने और किसानों की बढ़ती परेशानी को देखते हुए एसडीएम नवदीप सिंह नैन तुरंत इसराना लौट गए। पानीपत मार्किट कमेटी के अध्यक्ष अवतार सिंह शास्त्री ने बताया कि उन्होंने अनाज मंडी में डाउन हुए सर्वर की पूरी जानकारी कृषि मंत्री को दे दी है और उन्होंने सर्वर को आज शाम तक ठीक हो जाने का आश्वासन दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा